महिलाओ से दोना पत्तल निर्माण एवं उनकी होने वाली आमदनी के संबंध में ली जानकारी
फसलों की अच्छे से देखभाल, नियमित सिंचाई, एवं आवश्यक मात्रा में खाद के उपयोग की दी हिदायत
जशपुरनगर 06 मार्च 2021/ कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने आज गम्हरिया गौठान का आकस्मिक निरीक्षण कर महिला स्वसहायता समूह द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने सभी समूह की महिलाओं को अच्छे से मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया। कलेक्टर द्वारा गौठान में विभिन्न महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित दोना-पत्तल, मुर्गी पालन, जैविक खाद निर्माण, अणुसा पत्ती चूर्ण, सब्जी उत्पादन सहित अन्य कार्यो का निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने गौठान में कार्यरत रातरानी की महिलाओ द्वारा निर्मित किये जा रहे दोना पत्तल का जायजा लेते हुए उत्पादन, विक्रय एवं उनकी आमदनी की विस्तार से जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि उनके द्वारा गौठान में नियमित रूप से दोना-पत्तल निर्माण कार्य किया जा रहा है। उनके उत्पादों का बाजार में मांग भी बढ़ रही है। रातरानी समूह की महिलाओं ने बताया कि उनको अब तक दोना पत्तल के विक्रय से 8000 रूपए की आमदनी हुई है। श्री कावरे ने गौठान में मुर्गी पालन, जैविक खाद निर्माण, सब्जी उत्पादन, नर्सरी सहित अन्य कार्यो का अवलोकन किया। उन्होंने फसलों की अच्छे से देखभाल, नियमित सिंचाई, एवं आवश्यक मात्रा में खाद डालने के लिए निर्देशित किया।

