कोविड प्रोटोकॉल और होम आइसोलेशन गाइडलाइन का करें अनिवार्य रुप से करें पालन-कलेक्टर श्री भीम सिंह
कलेक्टर भीम सिंह ने ली सभी ग्राम सरपंच, सचिव व रोजगार सहायकों की बैठक
रायगढ़, 10 मई2021/ कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए कोविड प्रोटोकॉल एवं होम आइसोलेशन गाइडलाइन का अनिवार्य रूप से पालन कराना होगा। ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच, पंच, ग्राम सचिव, रोजगार सहायक को इसकी जिम्मेदारी दी गई है।
उक्त बातें कलेक्टर श्री भीम सिंह ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी ग्राम सरपंच, ग्राम सचिव एवं रोजगार सहायक से कही। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि वर्तमान में रायगढ़ जिला कोरोना संक्रमण की दृष्टि से एक्टिव केसेस की संख्या प्रदेश में सर्वाधिक है। यहां 100 टेस्ट में से 30 लोग पॉजिटिव आ रहे हैं, इसलिए यह समय बड़ा ही कठोर कदम उठाने का समय है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिले में लॉकडाउन लगा हुआ है। इसमें शासन द्वारा जारी गाइडलाइन ही अनुसार शादी के लिए सिर्फ 10 लोगों की अनुमति होगी। इसी तरह अंत्येष्टि एवं दशगात्र कार्यक्रम में भी 10 लोगों की उपस्थिति ही मान्य किया गया है। इससे ज्यादा की उपस्थिति पर संबंधित के खिलाफ एफआईआर करने जैसे कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायकों को अपने-अपने क्षेत्र के होम आइसोलेटेड मरीजों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि होम आइसोलेटेड परिवार के एक भी सदस्य घर के बाहर नहीं निकलना चाहिए, यह सुनिश्चित करना होगा, उन्हें राशन, सब्जी इत्यादि भी होम डिलीवरी के माध्यम से लेना होगा। इसी तरह होम आइसोलेटेड मरीजों के घर से कोई भी तालाब में स्नान नहीं करेगा। मरीजों के घरों में निस्तारी की व्यवस्था नहीं है तो वे अलग से बाल्टी मग्गा लेकर ऐसे जगह पर स्नान करेंगे जहां से पानी तालाब में आकर ना मिले। इस दौरान कलेक्टर श्री भीम सिंह ने आने वाले अक्षय तृतीया को विवाह मुहूर्त होने के कारण अधिकांश विवाह होने और लेकिन इसमें सिर्फ 10 लोगों को ही अनुमति देने और निगरानी रखने की बात कही। उन्होंने बताया कि विवाह एवं दशगात्र में शामिल होने वालों का आधार कार्ड, फोटो सहित संपूर्ण जानकारी के साथ अनुमति लेनी होगी। विवाह व दशगात्र में शामिल होने वालों का दो दिन पूर्व कोविड टेस्ट में नेगेटिव प्रमाण पत्र की अनिवार्यता होगी। नेगेटिव प्रमाण पत्र नहीं होने की स्थिति में उन्हें विवाह या दशगात्र में शामिल की अनुमति नहीं होगी। इस दौरान भी विवाह एवं दशगात्र में शामिल होने वाले सभी लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क और सैनिटाइजेशन जैसे नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा। शासन द्वारा जारी इस नियम का सभी ग्राम पंचायत सरपंच, पंच, ग्राम सचिव और रोजगार सहायक को कड़ाई से पालन कराना होगा।
इस दौरान कलेक्टर श्री भीम सिंह ने कोरोना वैक्सीनेशन पर भी चर्चा की। उन्होंने 45 वर्ष ऊपर आयु वालों को टीका लगवाने और 18 से 44 वर्ष के लोगों को भी टीका अनिवार्य रूप से लगाने की बात कही। इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने इजराइल, अमेरिका, ब्रिटेन आदि देशों का उदाहरण देते हुए वैक्सीनेशन से संबंधित दुष्प्रचार पर ध्यान नहीं देते हुए कोरोना टीका आवश्यक रूप से लगवाने की बात कही। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सभी के सहयोग और गाइडलाइन के गंभीरता से पालन करने पर ही कोरोना संक्रमण से बचा जा सकता है। बैठक में सभी जनपद सीईओ, ग्राम सरपंच, सचिव व रोजगार सहायक ने भाग लिया।
अधिक केस और कम केस वाले पंचायतों के सरपंच से की गई चर्चा
कलेक्टर श्री भीम सिंह ने ब्लॉक के अंतर्गत कम केस आने वाले ग्राम पंचायत और ज्यादा केस आने वाले ग्राम पंचायत जैसे बड़े नवापारा, टीमरगढ़ा, मौहापाली, उलखर, बार, तेंदूमुड़ी, धाप, पचेड़ा, रूपकेड़ा, कुड़ुमकेला, बड़े हरदी, राजपुर के सरपंच और सचिव से भी चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कम केस आने वाले ग्राम पंचायतों के कार्यप्रणाली को अन्य ग्राम पंचायत में लागू करने की बात कही। इसी तरह ज्यादा केस आने वाले ग्राम पंचायतों को कोविड गाइड लाइन का कड़ाई से पालन करने, मास्क लगाकर ही बाहर निकलने, सोशल डिस्टेंसिंग और सैनिटाइजेशन करने संबंधित कार्य को अपनाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री सिंह ने मनरेगा के कार्यों के दौरान भी मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने की बात कही। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि ग्राम सचिव को मास्क नहीं लगाने पर जुर्माना लगाने का अधिकार दिया गया है। इस पर सभी ग्राम सचिव कार्य करें।
बाहर से आने वालों को रखना होगा क्वॉरेंटाइन सेंटर में
बैठक में कलेक्टर श्री भीम सिंह ने सभी ग्राम पंचायतों को क्वॉरेंटाइन सेंटर बनाने और बाहर से आने वाले सामान्य व्यक्तियों को भी 7 दिनों तक क्वॉरेंटाइन सेंटर में रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने इस नियम का कड़ाई से पालन करने की बात कही। इसी तरह यदि किसी घर में एक भी पॉजिटिव आता है तो पूरे परिवार को मितानिन के माध्यम से कोरोना की दवाई उपलब्ध कराने और दवाई खाने की बात कही। इस दौरान उन्होंने होम आइसोलेटेड मरीजों को ऑक्सीमीटर से ऑक्सीजन लेवल मापने की भी बात कही।

