सबसे ज्यादा वर्मी कम्पोस्ट बिक्री करने वाले सोयायटी प्रबंधक होंगे पुरस्कृत
रायगढ़, 16 जून2021/ कलेक्टर श्री भीम सिंह ने आज नगर निगम ऑडिटोरियम में गोधन न्याय योजना के तहत वर्मी कम्पोस्ट एवं खाद बीज के भण्डारण एवं बिक्री के संबंध में सोसायटी प्रबंधकों से चर्चा की। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि गोधन न्याय योजना शासन की महत्वाकांक्षी योजना है, इसका क्रियान्वयन पूरी गंभीरता से किया जाना है। इसमें कोई लापरवाही नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि वर्मी कम्पोस्ट से जैविक खेती को बढ़ावा मिलेगा। कृषि कार्यों में इसके प्रयोग से भूमि की उर्वरता के साथ फसल की गुणवत्ता भी बढ़ेगी। साथ ही वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है तो इससे गांवों में रोजगार और अतिरिक्त आय के मौके भी सृजित हो रहे हैं।
कलेक्टर श्री सिंह ने सभी सोसायटी प्रबंधकों से कहा कि किसानों को प्रोत्साहित करें कि वे अपने फसलों में अधिक से अधिक वर्मी कम्पोस्ट का उपयोग करें। गोबर से बनी खाद से किसानों को अच्छी फसल मिलेगी और उन्हें आर्थिक लाभ भी मिलेगा। कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारी को गांव में किसान चौपाल लगाकर किसानों के बीच वर्मी कम्पोस्ट के बारे में ज्यादा से ज्यादा प्रचार करने को कहा। उन्होंने कहा कि यही समय है जब किसानों को खाद की जरूरत पड़ेगी, इसलिये मांग के अनुसार सभी सोसायटियों में अविलंब वर्मी खाद का वितरण करें, ताकि वे किसानों को बिक्री कर सकें। कलेक्टर श्री सिंह ने सोसायटी प्रबंधकों से चर्चा के दौरान कहा कि ऐसे सोसायटी जो सबसे ज्यादा वर्मी कम्पोस्ट की बिक्री करेंगे उन्हें आगामी 15 अगस्त में जिला स्तर पर पुरस्कृत किया जायेगा। कलेक्टर श्री सिंह ने बीज के भंडारण एवं उसके उठाव के संबंध में भी सोसायटी प्रबंधकों से चर्चा की। कुछ सोसायटी प्रबंधकों ने कलेक्टर को अवगत कराया कि किसानों के द्वारा दलहन-तिलहन की मांग आ रही है लेकिन आज पर्यन्त तक बीज सोसायटी में नहीं पहुंचा है। इस बात के लिये कलेक्टर श्री सिंह संबंधित अधिकारी के ऊपर नाराजगी व्यक्त की और उन्हें दो दिन के अंदर सभी सोसायटी में बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

