गुरुवार को दिनभर धरमजयगढ़ क्षेत्र के दौरे पर रहे कलेक्टर भीम सिंह
@रायगढ़ कलेक्टर के समक्ष धरमजयगढ़ के एक निजी स्कूल द्वारा फीस की बढ़ोतरी, विद्युत आपूर्ति में अव्यवस्था तथा खाद की उपलब्धता में परेशानी का उठा मुद्दा
@जिलाधीश ने अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण करने के निर्देश
असलम खान धरमजयगढ़ ब्यूरो:- रायगढ़ कलेक्टर भीम सिंह गुरुवार को धरमजयगढ़ क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने गेरसा,आमगांव, बरता पाली सहित अन्य ग्राम पंचायतों में गौठान संचालन सहित अन्य विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लिया एवं सभी विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। तद उपरान्त उन्होंने नगर के सिविल अस्पताल की व्यवस्था का जायजा लिया।बता दें वहां उन्होंने क्षेत्र में टीकाकरण कार्य की समीक्षा करते हुए क्षेत्र में शत प्रतिशत टीकाकरण को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए।
वहीं धरमजयगढ़ पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में उनके द्वारा शत प्रतिशत टीकाकरण करने वाले ग्राम पंचायत दुर्गापुर के पंचायत प्रतिनिधि, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, एवं अधिकारियों की प्रशंसा करते हुए इस उपलब्धि के लिए उन्हें प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।
इस बीच एक स्थानीय निजी स्कूल द्वारा कोरोना काल में मनमाने ढंग से फीस बढ़ोतरी किए जाने के संबंध में स्कूल में अध्ययनरत बच्चों के अभिभावकों के प्रतिनिधि मंडल समाजसेवी हेमंत साव ,आरिफ सिद्दीकी,संजय अग्रवाल द्वारा कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपकर उनसे इस संबंध में त्वरित कार्रवाई करने की मांग की गई।जिस पर संवेदनशील कलेक्टर ने पेरेंट्स लोगों को आश्वस्त किया कि पुराने दर पर ही फीस ली जावेगी उसमे किसी प्रकार की बढ़ोत्तरी नही होगी।जिन लोगों से ज्यादा फीस ली गई है उन्हें संबंधित स्कूल बकाया पैसा वापिस करेगी ।
इसके अतिरिक्त धरमजयगढ़ क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की अव्यवस्था, धर्मजयगढ़ में ब्लड बैंक की जल्द स्थापना तथा कई किसानों को खाद की आपूर्ति में हो रही परेशानी तथा एसईसीएल कोल ब्लॉक क्षेत्र में मुआवजे की राशि में बहुत ज्यादा अंतर होने के कारण किसानों के साथ कथित भेदभाव की बात भी क्षेत्र के एक किसान द्वारा उनके संज्ञान में लाई गई जिस पर रायगढ़ कलेक्टर श्री भीम सिंह के द्वारा संबंधित अधिकारियों को सभी समस्याओं का त्वरित निराकरण करते हुए इस संबंध में अवगत कराने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।ब्लड बैंक की स्थापना के संबंध में उन्होंने कहा कि सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं कोरोना काल के कारण थोड़ी देर हुई परंतु अब जल्द ही ब्लड बैंक की स्थापना का कार्य पूरा हो जाएगा।
स्थानीय निजी स्कूल ऊर्सुलाइन द्वारा मनमाने ढंग से फीस में बढ़ोतरी किए जाने संदर्भ में पालकों द्वारा कलेक्टर से शिकायत के संबंध में धरमजयगढ़ के विकास खंड शिक्षा अधिकारी एसआर सिदार ने कहा कि कलेक्टर महोदय के निर्देशानुसार,एवं बच्चों के अभिभावकों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए इस मामले में जांच कर त्वरित कार्रवाई की जाएगी, एवं आवश्यकता पड़ने पर संबंधित निजी स्कूल के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।

