जशपुरनगर 14 जुलाई 2021/कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने आज जिला चिकित्सालय में ऑक्सीजन प्लांट स्थापना हेतु उपयुक्त स्थान के चयन के लिए जिला अस्पताल परिसर का मुआयना किया। इस अवसर पर सीएमएचओ जशपुर श्री पी. सुथार, सिविल सर्जन श्रीमती एफ.खाखा, कार्यपालन अभियंता आरईएस श्री टी. एक्का, सीजीएमएससी के सहायक अभियंता सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं में विस्तार हेतु तीन नए ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना की जाएगी। जिसके अंतर्गत मरीजों की सुविधाओं के लिए के एक सयंत्र जिला अस्पताल में, एक फरसाबहार विकासखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं एक ऑक्सीजन प्लांट पत्थलगांव विकासखंड के सिविल अस्पताल में स्थापित किए जाएंगे। सयंत्र स्थापना के अंतर्गत जनरेटर कक्ष, शेड निर्माण, डीजल जनरेटर सहित अन्य कार्य शामिल है।
कलेक्टर ने कहा कि कोरोना महामारी की तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना जल्द से जल्द किया जाना है। साथ ही जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को भी सयंत्र के कारण अनावश्यक परेशानी न हो इसका ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने इस हेतु जिला चिकित्सालय परिसर का मुआयना कर उपयुक्त स्थान का चयन किया। श्री कावरे ने सयंत्र स्थापना के लिए चयनित स्थान का यथाशीघ्र सर्वे कार्य पूर्ण कर निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने मरीजों की सुविधा के लिए विभिन्न वार्डो में ऑक्सीजन सप्लाई पहुंचाने की व्यवस्था का भी जायजा लिया।

