कलेक्टर ने ली स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक
रायगढ़, 15 जुलाई2021/ जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में हमर लैब के माध्यम से संबंधित ग्रामीणों को पूर्ण जांच की सुविधा मिलेगी। इसी तरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में गायनेकोलॉजिस्ट, शिशु रोग विशेषज्ञ, एमडी मेडिसिन व सर्जन चार विशेषज्ञ डॉक्टरों की पदस्थापना संबंधित जल्द ही कार्ययोजना बनाएं। उक्त बातें कलेक्टर श्री भीम सिंह ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में कही।
इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने शासकीय अस्पतालों में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन संबंधित शासन के दिशा निर्देश पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र से संबंधित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में भी ग्रामीणों को पूर्ण इलाज सुविधा मिलनी चाहिए। शासकीय अस्पतालों के अपग्रेडेशन और मॉनिटरिंग के लिए शासन द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देश के अनुसार तय समय- सीमा पर सभी अस्पतालों की इलाज व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। इसी तरह सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में एमडी मेडिसिन, स्त्री रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ व सर्जन विशेषज्ञ डॉक्टरों की पदस्थापना के साथ निश्चेतना और पैथोलॉजिस्ट की पदस्थापना करने के निर्देश शासन ने दिए हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में चार विशेषज्ञ डॉक्टरों की पदस्थापना संबंधित कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने शासन के दिशा निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सहित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों की मॉनिटरिंग शासन स्तर पर की जाएगी। इसके लिए ओपीडी एवं भर्ती होकर इलाज कराने वाले मरीजों की संख्या संबंधित बीमारियों की जानकारी संबंधित सर्जरी, संबंधित डिजीज, उपलब्ध सेवाएं, दिए जाने वाले जांच एवं इलाज सुविधा आदि की तय फॉर्मेट के हिसाब से शासन स्तर पर समीक्षा की जाएगी। इसके लिए शासन स्तर पर सॉफ्टवेयर भी जारी किया जाएगा। जिसमें हर रोज ओपीडी एवं भर्ती होकर इलाज कराने वाले मरीजों की पूर्ण जानकारी प्रेषित करनी होगी। इसी आधार पर अस्पतालों और वहां कार्यरत चिकित्सक व स्टाफ की उपयोगिता तय की जाएगी। निर्देश के तहत कम ओपीडी व भर्ती मरीजों वाले अस्पतालों के चिकित्सक एवं स्टाफ की उपयोगिता ज्यादा ओपीडी एवं भर्ती होकर इलाज कराने वाले शासकीय अस्पतालों में तय की जाएगी। कलेक्टर श्री सिंह ने विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में प्राइवेट अस्पतालों से टाइअप कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में शेड्यूल में डॉक्टरों की ड्यूटी लगाने और ग्रामीणों को इलाज सुविधा उपलब्ध कराने संबंधित अधिकारी कार्ययोजना बनाने के निर्देश सीएमएचओ डॉ एस एन केसरी को दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने पूर्व में अस्पतालों को अधोसंरचना एवं इक्विपमेंट खरीदारी करने संबंधित 50-50 लाख रुपए आवंटित करने संबंधित उपयोगिता की भी समीक्षा की। इसी तरह शासकीय अस्पतालों व सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में कोरोना के थर्ड फेस को देखते हुए ऑक्सीनेटेड बेड व आईसीयू बेड के लिए पाइप लाइन बिछाने और ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर सिंह ने शासन द्वारा तय गाइडलाइन के हिसाब से शासकीय अस्पतालों में बच्चों के इलाज के लिए अलग से आईसीयू, ऑक्सीनेटेड बेड, जांच, दवाइयां व विशेषज्ञ डॉक्टरों की पदस्थापना सुनिश्चित करने के निर्देश सीएमएचओ केशरी को दिए। बैठक में नगर निगम कमिश्नर श्री एस.जयवर्धन, जिला पंचायत सीईओ श्री रवि मित्तल सहित कोरोना टीकाकरण नोडल अधिकारी सभी बीएमओ, बीपीओ आदि अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ. रवि मित्तल, सीएमएचओ डॉ.एस.एन.केशरी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

