पत्थलगांव में एक और ऑक्सीजन प्लांट लगाया जाएगाकोरोना टेस्ट को गंभीरता से करने के दिए निर्देशकलेक्टर ने जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक ली
जशपुरनगर 27 अगस्त 2021/कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने आज मोबाईल एप्लीकेशन के माध्यम से जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक ली और जिले में टीकाकरण, कोविड-19 जांच, टेस्ट किट की उपलब्धता, जिले में कोविड पॉजिटिव दर, ऑक्सीजन प्लांट स्थापना की प्रगति, नियमित टीकाकरण, सहित अन्य विभागीय योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने जिले में कोविड दर की समीक्षा करते हुए जिले में कोविड जांच को गंभीरता से करने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समस्त विकासखंडों में कोरोना जांच हेतु सैंपल संग्रहण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। एंटीजन, ट्रूनॉट, आरटी पीसीआर टेस्ट के ब्लॉक में दिए गए लक्ष्य को अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के लिए कहा। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री के.एस.मण्डावी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री पी. सुथार, जिला टीकाकरण अधिकारी श्री आर.एस.पैकरा, समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, जनपद सीईओ, खंड चिकित्सा अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
टीकाकरण के संबंध में जानकारी लेते हुए कलेक्टर श्री कावरे ने कहा कि जिन लोगों को प्रथम डोज लग गया है। उन्हें निर्धारित अवधि के उपरांत द्वितीय डोज अनिवार्य रूप से लगवाए। दुलदुल, कुनकुरी और पत्थलगांव विकासखंड में प्रथम डोज शत प्रतिशत करवा लिया गया है। अन्य विकास खण्डों को टीकाकरण में प्रगति लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिले को आज की स्थिति में 20 हजार डोज प्राप्त हुए है। सभी विकास खंडों में वैक्सीन को भेजा गया है। टीकाकरण केन्द्र के माध्यम से लोगो को टीका लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ग्राम पंचायतों में मुनादी करवाने के लिए भी कहा गया है ताकि लोगों को टीका की उपलब्धता के बारे में जानकारी हो सके।
समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी विकास खंडों को दिए गए कोरोना टेस्ट के लक्ष्य को शत प्रतिशत पूर्ण करने के लिए कहा है। और कोरोना पॉजिटिव आने वाले मरीजों को होम आइसोलेशन की अनुमति न देकर जिला अस्पताल के कोविड केन्द्र सेंटर में भेजने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पत्थलगांव विकासखंड में एक और ऑक्सीजन प्लांट लगाने की स्वीकृति दी जा रही है। वहां पर शेड, जनरेटर के साथ मूलभूत सुविधा के लिए आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए हैं।

