रायपुर. क्या अपने पिता को जेल भेजकर छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल ने मास्टरस्ट्रोक खेला है? क्या छत्तीसगढ़ सीएम ने उन्हें जेल भेजकर अपना सियासी संकट कम किया है? क्या यह महज पारिवारिक मामला था या इसके व्यापक सियासी मायने हैं? ये तमाम सवाल तब उठे जब भूपेश बघेल ने खुद से पहल करते हुए अपने ही 86 वर्षीय पिता नंद कुमार बघेल को जेल भिजवाया। हांलाकि, जेल जाने के दो दिन बाद ही उन्हें जमानत मिल गई और वह बाहर आ गए लेकिन सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है।
दरअसल, नंद कुमार बघेल ने लखनऊ में ब्राह्मणों को लेकर विवादित टिप्पणी की थी और उन्हें विदेशी बताया था। इसके बाद जब शिकायतें आईं तो खुद सीएम बघेल ने अपने पिता के खिलाफ केस करने को कहा। माना गया कि भूपेश बघेल ने पिता पर कार्रवाई कर एक तीर से कई निशाने लगाए। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई, जब छत्तीसगढ़ में बघेल की कुर्सी खतरे में बताई गई।

