जशपुरनगर 14 सितम्बर 2021/ जशपुर विकासखंड के तुर्रीलोदाम के किसान मालिकराम साहू आस-पास के क्षेत्र में खासे चर्चित है, जो शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर आधुनिक खेती के साथ जुड़कर अपनी में बढ़ोत्तरी कर रहे है।
वर्ष 2016 में डिप्टी रेंजर के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद मालिकराम ने खेती को ही पूरा समय देने का निश्चय किया। मलिकराम ने बताया कि शुरूआत से उनकी कृषि कार्य में विशेष रूचि रही है। उद्यानिकी खेती को बढ़ावा देने एवं कम समय में अधिक लाभ प्राप्त करने के लिए उन्होंने उद्यानिकी एवं साग-सब्जियों की खेती करना प्रारंभ किया।
उन्होंने बताया कि शुरूआत मे वे अपनी लगभग 5 एकड़ की जमीन पर परंपरागत खेती करते थे। जहां वे धान के साथ ही अन्य फसल लेते थे जिससे उन्हें उतना अधिक लाभ प्राप्त नहीं होता था। इसलिए विगत एक वर्ष पहले उन्होंने परंपरागत खेती को छोड़कर आधुनिक कृषि करने का निश्चय किया और अपने खेत में लगभग एक एकड़ में पपीता की खेती एवं शेष क्षेत्र में मौसमी सब्जियां टमाटर, करेला, लौकी, बरबट्टी, मिर्च, अदरक प्याज लहसुन इत्यादि की पैदावार ली है। साथ ही उनके द्वारा अपने खेत में लगभग 500 पौधे मुनगा के रोपित किए है एवं खेत के किनारे-किनारे आम लीची कटहल जैसे फलदार पौधे भी लगाए है।
आधुनिक खेती प्रारंभ करने से पूर्व उनके द्वारा आधुनिक खेती से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई। इस हेतु उनके द्वारा कृषि, उद्यानिकी, क्रेडा विभाग से संपर्क किया गया। सभी विभागों द्वारा उन्हें आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। साथ ही क्रेडा विभाग द्वारा सौर सुजला योजना के अंतर्गत उनके खेत में 5 हार्स पावर का सोलर पंप भी स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि क्रेडा विभाग से अनुदान के माध्यम से खेत में सोलर पैनल लगवाया गया। जिससे उन्हें कृषि के लिए आवश्यक पानी उपलब्ध हो जाता है। अब उन्हें फसलों की सिंचाई करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती।
कृषक मालिक राम ने बताया कि वे बीते एक वर्ष से ही आधुनिक खेती करना प्रारंभ किए है। आधुनिक एवं उन्नत तकनीक से खेती करने के कारण मालिक राम उत्पादन के साथ ही आमदनी भी अच्छी हो रही है। विगत तीन माह में ही उन्होंने लगभग 50 हजार का व्यापार किया है। जिससे लगभग उन्हें 10 से 15 हजार की आमदनी हुई है। साथ ही उनके द्वारा आस-पास के ग्रामीणों को रोजगार प्रदान भी किया जा रहा है। मालिकराम को आगे भविष्य में पपीते की खेती से भी अच्छी आमदनी होने की उम्मीद है। श्री मालिक राम ने छत्तीसगढ़ शासन और जिला प्रशासन को धन्यावाद दिया है।

