रायगढ़। रायगढ़ व्यापारी संघ ने सरिया एवं बरमकेला के व्यापार जगत एवं वहां के आम नागरिकों की इस मांग को जायज ठहराते हुए अपना समर्थन दिया है कि सरिया एवं बरमकेला को रायगढ़ में ही शामिल रखा जावे। इस संबंध में अपनी बात रखते हुए रायगढ़ व्यापारी संघ के संयोजक राजेंद्र अग्रवाल हीरा मोटवानी राजेश अग्रवाल बजरंग महमिया ने कहा कि रायगढ़ से सरिया की दूरी मात्र 30 किलोमीटर है जबकि बरमकेला 48 किलोमीटर पर स्थित है सारंगढ़ जिला बनने के बाद यदि से सारंगढ़ में शामिल किया जाता है तो दूरी के लिहाज से यह सारंगढ़ के नजदीक भले ही हो परंतु बिलाईगढ़ से इनकी दूरी लगभग 80 किलोमीटर हो जाएगी और सूचना के अनुसार सारंगढ़ में केवल जिला कार्यालय एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय का ही स्थापना होगी शेष लगभग सभी कार्यालय बिलाईगढ़ में स्थापित किए जाएंगे इस तरह यदि किसी व्यक्ति को एक या अधिक कार्यालयों में काम पड़ जाए तो वह सारंगढ़ जाए कि बिलाईगढ़ जाए यह असमंजस की स्थिति बन जाएगी। सरिया और बरमकेला का व्यापारिक रिश्ता रायगढ़ से अधिक है और सामाजिक रुप से भी यह दोनों क्षेत्र रायगढ़ से जुड़े हुए हैं। ऐसे में परिस्थितियों वश कभी व्यापारिक दृष्टि से कुछ आवश्यक वस्तुओं की जिला बंदी होती है तो इसका असर व्यापार जगत पर सीधे तौर पर पड़ेगा।इसलिए रायगढ़ व्यापारी संघ भी उनकी इन परेशानियों को देखते हुए उन्हें अपना समर्थन देता है और शासन से अनुरोध करता है कि सरिया एवं बरमकेला को रायगढ़ जिले में ही शामिल रखा जावे।

