मैट्रिमोनियल ब्यूरो से महिला की आवाज में बात कर लोगों को बनाता था ठगी का शिकार
रायगढ़. शादी का विज्ञापन देने के बाद भोले-भाले लोगों को जाल में फंसाकर रकम एठने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हरियाणा निवासी युवक के पुलिस मुख्यालय रायपुर में मामले की शिकायत करने के बाद रायगढ़ पुलिस हरकत में आई और रायगढ़ कोतवाली पुलिस ने आरोपित को बिलासपुर से धर दबोचा ।
पीड़ित शिकायतकर्ता के शिकायत पत्र के अनुसार उसने समाचार पत्र के मेट्रोमोनियल में विज्ञापन पर दिये गए मोबाईल नम्बरों से सम्पर्क किया। इस पर उसकी बात भावना नाम की महिला से हुई। उसने आवेदक को उसकी पसंद की जीवन साथी करूणा दुबे नामक पढी लिखी नौकरी वाली युवती से शादी कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद भावना ने रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर 2000 रुपये खाते में जमा करने कहा। पीड़ित ने यह राशि जमा कर दी। कुछ दिन बाद करूणा युवक को प्रतिदिन फोन काल कर जल्द शादी करने की बात कहने लगी। करूणा दुबे ने भी किसी न किसी बहाने से युवक को रुपये अपने बैंक खाते में डालने के लिए कहती । उसकी बातों में आकर युवक ने तीन बार में 40 हजार रुपए खाते में जमा किए। एक बार महिला ने बहन और भांजी का एक्सीडेंट होने व इलाज के नाम पर 3 लाख रुपए मांगे। युवक ने रुपयों की व्यवस्था नहीं होने की बात कही तो महिला ने मोबाइल स्विच ऑफ कर बात करना बंद कर दिया।
बैंक एकाउंट के जरिए आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने बैंक खाते के जरिए आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि किसी जीतू महानंद के नाम पर है। वह मूल रूप से ओडिशा के बलांगीर का रहने वाला है और बिलासपुर के तेलीपारा में रहता है। इस पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे बुधवार को पुलिस रायगढ़ लेकर पहुंची। पूछताछ में पता चला कि आरोपी पहले रायगढ़ में मैरिज ब्यूरो संचालित कर लोगों से धोखाधड़ी करता था। फिर बिलासपुर चला गया और वहां भी ऐसा ही ठगी का धंधा करने लगाा। इस बार उसने लड़की बनकर वैसी ही आवाज में बात करने का तरीका अपनाया। उसने बताया कि बहुत प्रैक्टिस कर उसने लड़की की आवाज निकालना सीखा। इसमें उसने यूट्यूब, इंटरनेट की मदद भी ली।

