जगदलपुर. एक दिन पहले पुलिस ने दावा किया था कि पिछले कुछ दिनों में नक्सलियों अपने ही 5 साथियों को मार दिया। इसके बाद नक्सलियों ने 25 हत्या का जिम्मा लेकर पुलिस को खुला चैलेंज दे दिया। फाइल फोटो।
जिनकी हत्या की गई उन्हें पुलिस का आदमी, नक्सलियों को भेदी बताया गया
नक्सलियों ने अपने गुटों में गैंगवॉर की बात को नकारा, पुलिस पर आरोप लगाए
नक्सलियों ने पिछले दिनों मुखबिरी और भीतरघातियों समेत 25 गोपनीय सैनिकों की हत्या की जवाबदारी ली है । नक्सल संगठन की एक युनिट डीकेएसजेडसी के प्रवक्ता विकल्प ने प्रेस नोट जारी कर कहा है कि 12 गोपनीय सैनिक, 5 भितरघाती और 8 पुलिस मुखबिरों की जनअदालत में हत्या की गई है।जानबूझकर यह हत्याएं लोगों के सामने की गईं, ताकि नक्सली अपना डर कायम कर सकें। गंगालूर एरिया कमेटी इंचार्ज डीवीसी मोड़ियम विज्जा की जनअदालत लगाकर हत्या करने की बात स्वीकार करते हुए विकल्प ने कहा है कि विज्जा मोड़ियम उर्फ बदरु पुलिस का मुखबिर था। प्रेस नोट में सिर्फ नक्सलियों के बीच गैंगवार की बात को नकारते हुए इसे पुलिस द्वारा भ्रामक प्रचार बताया गया है। साथ ही बस्तर के आईजी पी सुंदरराज समेत बीजापुर और दंतेवाड़ा के एसपी पर मुखबिरों का जाल फैलाने का आरोप लगाया गया है। नक्सली कह रहे हैं कि हमने पुलिस के मुखबिर मार दिए इससे जिले के एसपी को बड़ा धक्का लगा है। प्रेसनोट में कहा गया है कि पुलिस कोरोना संक्रमण के कारण नक्सलियों की सप्लाई चैन ध्वस्त होने का दुष्प्रचार कर रही है।


