15-17 आयुवर्ग के 41 प्रतिशत, 12-14 आयुवर्ग के 24 प्रतिशत बच्चे पूर्ण रूप से कोविड टीकाकृत
कोविड का टीका और प्रिकॉशन डोज जरूर लगवाएं: जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. पटेल
रायगढ़ 08 जून 2022, कोविड टीकाकरण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिले रायगढ़ में अब टीकाकरण की रफ्तार धीमी हो गई है क्योंकि 18 वर्ष से अधिक आयुवर्ग तो काफी पहले पूर्ण रूप से टीकाकृत हो चुका है। वहीं बच्चों में दो वर्गों में टीका लग रहा है। इसमें 15-17 आयुवर्ग के 41 प्रतिशत बच्चों को दोनों डोज लग चुका है। इसी तरह 12-14 आयु वर्ग के 24 प्रतिशत बच्चे पूर्ण रूप से टीकाकृत हो चुके हैं। हालांकि इन दोनों वर्गों का पूर्ण टीकाकरण करने के लिए तेज रफ्तार कोविड टीकाकरण करने के जरुरत है जिसके लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयासरत है ।
स्वास्थ्य विभाग की मानें तो बीते डेढ़ साल से सभी स्वास्थ्यकर्मी तेजी से कोविड टीकाकरण के कार्य में जुटे हैं जिससे पूरे देश में रायगढ़ जिले का मान बढ़ा है। अभी कोविड का खतरा कम तो हुआ है लेकिन खत्म नहीं हुआ है। पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र में कोविड के केस बढ़ने से राज्य स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को कोविड से अगले 15 दिनों तक अलर्ट रहने के दिशा-निर्देश दिए हैं। ऐसे में कोविड संक्रमण से अगर किसी ने बचाया है तो वह है टीकाकरण जिसके कारण कोविड की तीसरी लहर ने ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचाया। ऐसे में जिन पात्र लोगों ने अभी तक टीकाकरण और प्रिकॉशन डोज नहीं लगवाया है उनको जल्द से जल्द अपना टीकाकरण कराना चाहिए।
इस बारे में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. भानू पटेल कहते हैं: “गर्मी में लोग टीकाकरण केंद्र तक कम पहुंच रहे हैं। जिसके कारण स्वास्थ्य विभाग की टीम खुद लोगों के घर-घर जाकर टीकाकरण कर रही है। साथ ही लोगों को टीकाकरण के लिए संदेश भी भेज रही है । ऐसे में लोगों को भी जागरूकता का परिचय देते हुए टीकाकरण कराना चाहिए। इस भयंकर गर्मी में स्वास्थ्य विभाग के लोग घर-घर दस्तक दे रहे हैं तो लोग टीका जरूर लगवाएं। साथ ही 18-60 वर्ष के लोग निजी अस्पताल में जाकर अपना प्रिकॉशन डोज भी जरूर लें।“
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 07 जून तक 15 से 17 आयुवर्ग में कुल लक्षित 93,351 किशोरों में से 84,871 किशोरों को पहला और 57,636 किशोरों को दूसरा डोज लग चुका है। यानी 90.92 प्रतिशत बच्चों को पहला और 61.78 प्रतिशत बच्चों को दूसरा डोज लग चुका है। खरसिया में सर्वाधिक 107 प्रतिशत बच्चों को पहला डोज लगा है। दूसरा डोज लगाने के मामले में 83.9 प्रतिशत के साथ रायगढ़ शहरी क्षेत्र पहले स्थान पर है जहां 102.6 प्रतिशत बच्चों को पहला डोज लग चुका है। प्रीकॉशन डोज 58,973 लोगों को लग चुकी है जिसमें 10,302 हेल्थकेयर वर्कर्स, 11,090 फ्रंट लाइन वर्कर्स, 37,581 लोग 60 वर्ष से अधिक आयु के हैं। इसी तरह 12-14 आयुवर्ग में 46,529 बच्चों को पहला और 17,887 बच्चों को दूसरा डोज लग चुका है। पहला डोज घरघोड़ा में 80 फीसदी बच्चों को लगा है। वहीं दूसरा डोज सबसे अधिक बमरकेला में 44 प्रतिशत बच्चों को लगा।
फिर बनाएंगे योजना
टीकाकरण अधिकार डॉ. भानू पटेल ने बताया: “जिले को हर वर्ग में पूर्ण रूप से टीकाकृत और अधिक से अधिक प्रिकॉशन डोज लेने वाला जिला बनाने का स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है। हमने टीकाकरण के लिए विभिन्न प्रकार के वैक्सीनेशन ड्राइव चलाई है। अब हम एक बार फिर से टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाएंगे और बहुत जल्द ही हम बड़ी मुहिम शुरू करेंगे जिसके लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी समेत नोडल अधिकारियों से चर्चा की जाएगी। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर टीका लगा रही है और लोगों के नजदीक सभी स्वास्थ्य केंद्रों में टीका लगाया जा रहा है।“


