रुड़की. रुड़की में मां-बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। हालांकि पुलिस के हाथ अब तक कोई बड़ा सफलता हाथ नहीं लगी है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध बाइक सवार की भी पहचान की है। पुलिस हुलिये के आधार पर उस तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। साथ ही घटनास्थल पर सक्रिय मोबाइल फोन को ट्रेस करके आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। गौरतलब है 24 जून की रात कलियर से एक महिला अपनी छह साल की बच्ची के साथ रुड़की आने के लिए सवारी का इंतजार कर रही थी। तभी उसका परिचित सोनू भी आ पहुंचा। एक कार आती देख सोनू ने उसे रुकने का इशारा किया। कार सवारों ने मां-बेटी को कार में बैठा लिया। इसके बाद कार सवार चार लोगों ने महिला और उसकी बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। फिर दोनों को गंगनहर किनारे फेंककर फरार हो गए।
पुलिस ने मामले में सोनू निवासी रुड़की और अज्ञात कार सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की थी। पुलिस अब तक मामले का खुलासा तो नहीं कर पाई है लेकिन सीसीटीवी कैमरे के जरिए एक बाइक सवार की पहचान की गई है।
बताया जा रहा है कि यह बाइक सवार महिला और उसकी बेटी को बाइक पर बैठाकर कहीं ले जा रहा था। पुलिस को जहां इस बाइक सवार की तलाश है, वहीं आरोपी सोनू की भी खोजबीन की जा रही है।
वहीं पुलिस सीसीटीवी कैमरे और घटना के समय घटनास्थल और इसके आसपास सक्रिय मोबाइल फोन को भी ट्रेस कर रही है। एसपी देहात प्रमेंद्र डोबाल का कहना है कि कई दृष्टिकोण से जांच चल रही है। कई अहम जानकारियां भी हाथ आई हैं। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म पर महिला आयोग सख्त, तीन सदस्यीय जांच समिति बनाई
रुड़की में चलती कार में छह साल की मासूम से सामूहिक दुष्कर्म के मामले का उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने इस प्रकरण में पुलिस से पूरी रिपोर्ट तलब की है और डीआईजी पी रेणुका और जिले के एसएसपी डा.योगेंद्र रावत को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं दूसरी ओर तीन सदस्यीय कमेटी बनाई है जो मामले की जांच करेगी।
रुड़की में कुछ युवकों ने कार में लिफ्ट देकर महिला और उसकी छह साल की बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस के 14 लोगों की टीम गठित की गई है। हरिद्वार के एसएसपी के अनुसार एक व्यक्ति को चिह्नित किया जा चुका है। सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में की गई कार्रवाई से आयोग को तुरंत अवगत कराया जाएगा।
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने जाना मां-बेटी का हाल
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला नेअस्पताल पहुंचकर सामूहिक दुष्कर्म का शिकार हुई मां-बेटी का हाल जाना। साथ ही डॉक्टरों से भी उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। महिला पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आरोपियों को नहीं पकड़ा गया तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष आशा मनोरमा डोबरियाल शर्मा, जिलाध्यक्ष रश्मि चौधरी, प्रदेश महासचिव सेवादल रितु कंडियाल, रूप चौधरी, शकील अहमद, पंकज सोनकर, संजय पाल मौजूद रहे।
फरार सोनू की सरगर्मी से तलाश, नजर में आया संदिग्ध बाइक सवार
मां-बेटी को कार में बिठाने वाले सोनू की तलाश में पुलिस की चार टीमें अभी भी दबिश दे रहीं है लेकिन वह देर शाम तक हत्थे नहीं चढ़ा। वहीं घटनास्थल के पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक संदिग्ध बाइक सवार का पता चला है। बताया जा रहा है कि यह बाइक सवार महिला और उसकी बेटी को बाइक पर बैठाकर कहीं ले जा रहा था। पुलिस हुलिए के आधार पर उस तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। साथ ही घटनास्थल पर सक्रिय मोबाइल फोन को ट्रेस किया जा रहा है।


