रायपुर. छत्तीसगढ़ बोर्ड के तहत दसवीं-बारहवीं रीवैल के नतीजे तीन महीने बाद भी जारी नहीं हुए हैं। बोर्ड के नतीजों से करीब 23 हजार छात्र असंतुष्ट थे। इनके आवेदन पुनर्मूल्यांकन, पुनर्गणना के लिए मिले। नतीजों में देरी को लेकर छात्र परेशान हैं। उनका कहना है कि रीवैल के नतीजों के बारे में पूछने पर माध्यमिक शिक्षा मंडल के अफसर यह कहते है कि रीवैल का रिजल्ट जल्द जारी होगा, लेकिन यह जारी नहीं किया जा रहा है। इससे पहले, सीजी बोर्ड दसवीं-बारहवीं बोर्ड के नतीजे जून में जारी हुए। दसवीं में 73.62 प्रतिशत छात्र पास हुए। जबकि बारहवीं का रिजल्ट 78.59 प्रतिशत रहा। पिछले बरसों की तुलना में रिजल्ट अच्छा रहने के बाद भी बड़ी संख्या में छात्रों ने रीवैल के लिए आवेदन किया। कई छात्रों ने दो-दो विषय के लिए आवेदन किया है। जुलाई की शुरुआत में ही रीवैल के लिए आवेदन की प्रक्रिया खत्म हुई। संभावना जतायी जा रही थी कि नतीजे अगस्त के आखिरी सप्ताह तक जारी हो जाएंगे। लेकिन सितंबर का महीना बीत गया, यहां तक की अक्टूबर का भी दूसरा सप्ताह चल रहा है फिर भी रीवैल के परिणाम जारी नहीं हुए हैं। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा मंडल के अफसरों का कहना है कि कोरोना संक्रमण की वजह से कापियों का दोबारा मूल्यांकन देर से शुरू हुआ। इसलिए रिजल्ट में देरी हो रही है। संभावना है कि 20 अक्टूबर से पहले नतीजे जारी हो जाएंगे।
बोर्ड में अच्छे नंबर पाने वालों की नजर भी रीवैल के नतीजों पर
दसवीं में इस बार 42 छात्रों को टॉप-10 की अस्थायी मेरिट में जगह मिली। बारहवीं की टॉप-10 लिस्ट में 16 टॉपर हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में ऐसे भी छात्र हैं जिन्हें 90 प्रतिशत से अधिक नंबर मिले। कई छात्र कुछ नंबरों की वजह से टॉप-10 की लिस्ट से बाहर है। इनमें से कई छात्रों ने रीवैल के लिए आवेदन किया है। इसलिए छात्रों की नजर रीवैल के नतीजों पर है। गौरतलब है कि पिछले कुछ बरसों में यह देखा गया है कि रीवैल के बाद कई छात्रों के नंबर बढ़े हैं।


