जांजगीर-चांपा. जिले में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर सामने आई है। महिला के मायके पक्ष वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। हसौद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार जमड़ी गांव निवासी युवती ममता साहू (22 वर्ष) शादी होकर चार महीने पहले हसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत मुड़पार गांव गई थी। बीते सोमवार को ममता के ससुराल वाले बाहर गए हुए थे। घर में ममता और उसका पति मूलशंकर साहू (24 साल) ही थे। जब ममता के सास-ससुर शाम को वापस घर लौटे तो ममता बेहोशी की हालत में पड़ी हुई थी। जिसके बाद ममता को डभरा अस्पताल लेजाया गया।

जहां डॉक्टरों ने ममता को मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद ममता की लाश को लेकर ससुराल वाले वापस मुड़पार गांव पहुंचे। जहां मायके पक्ष वाले भी पहुंच गए। महिला के मौत के बाद उसका पति गायब है। जिससे आशंका जताई जा रही है कि महिला के मौत में उसके पति का ही हाथ है।
हसौद थाना प्रभारी योगेश पटेल ने जानकारी देते हुए बताया की मुड़पार गांव में नवविवाहिता के मौत की सूचना मिलने पर हसौद पुलिस मौके पर पहुंची थी। जहां महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो पायेगा। जिसके बाद आगे की कार्यवाई की जाएगी।

