जशपुरनगर. भारतीय थल सेना द्वारा अग्निवीर थल सेना भर्ती रैली का आयोजन नवा रायपुर में 13 नवंबर 2022 से 22 नवंबर 2022 तक किया जाना है। जिसके लिए ऑनलाईन पंजीयन 05 अगस्त 2022 से 03 दिसम्बर 2022 तक भारतीय थल सेना की वेबसाइट www.joinindianarmy.gov.in में जाकर किया जा सकता है। अग्निवीर थल सेना भर्ती रैली में शामिल होने के इच्छुक युवाओं को ऑनलाईन पंजीयन करना अनिवार्य है।
इस भर्ती रैली के माध्यम से सैनिक सामान्य ड्यूटी, सैनिक लिपिक, सैनिक तकनीकी, सैनिक नर्सिंग, सैनिक टेड मैन के पदों पर भर्ती की कार्यवाही की जाएगी। सैनिक सामान्य ड्यूटी के लिए 10वीं कक्षा 45 प्रतिशत अंको के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक है। इसी प्रकार सैनिक लिपिक पद के लिए कला, वाणिज्य अथवा विज्ञान में 12वीं कक्षा 50 प्रतिशत अंको के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक है। साथ ही उम्मीदवार की जन्म तिथि 01 अक्टूबर 1999 से 01 अप्रैल 2005 के मध्य होना चाहिए। थल सेना भर्ती रैली में शामिल होने के इच्छुक युवा अधिक जानकारी के लिए भारतीय थल सेना की वेबसाइट www.joinindianarmy.gov.in का अवलोकन कर सकते है।

