अतिक्रमणकर्ता के हौसले बुलंद
एसडीएम के आदेश के बावजूद भी जारी है अवैध निर्माण
नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
घरघोड़ा। घरघोड़ा के मुख्य चौराहे जयस्तंभ चौक पर मंडी समिति की करोडो की बेशकीमती जमीन पर एक धन्ना सेठ द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण का समाचार इस्पात टाइम्स ने पिछले दिनों प्रमुखता से प्रकाशित किया था। नतीजतन फौरन हरकत में आए घरघोड़ा एसडीएम डिगेश पटेल ने राजस्व अधिकारियों की टीम गठित कर मौका मुआयना किया तो पाया कि स्वीकृत नक्शे से लगभग 100 वर्ग फुट भूमि पर अवैध निर्माण कार्य किया जा रहा है।
एसडीम डिगेश पटेल ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पंचायत घरघोड़ा को पत्र जारी करते हुए निर्देशित किया कि स्वीकृत नक्शे से अधिक भूमि पर किए गए निर्माण कार्य को तत्काल ध्वस्त करें।
पर सोचने वाली बात यह है कि, अभी तक अवैध निर्माण कार्य को तोड़ना तो दूर नगर पंचायत की टीम भी मौके पर अब तक नहीं पहुंची है।
ऐसे में यह सवाल उठना लाजमी है कि जब सब डिविजनल मजिस्ट्रेट के आदेश का कोई पालन नहीं होता है, तो यहाँ आम जनता के समस्याओं की सुनवाई भला कैसे होगी..?

