बेमेतरा. जिले में बीते साल 2021 को फार्म हाउस में काम करने वाली लड़की के मजबूरी का फायदा उठाकर फॉर्म हाउस मालिक ने युवती के साथ जबरन दुष्कर्म किया था। घटना के बाद युवती ने थाने में मामले की शिकायत की थी। घटना के साल भर बाद जिला एवं सत्र न्यायालय ने मामले की सुनवाई करते हुए आरोपी को 10 साल की सजा सुनाई है।
दरअसल पिछले साल 24 जुलाई 2021 को फार्म हाउस में काम करने वाली युवती को फार्म हाउस मालिक ने किचन में खाना बनाने के नाम पर बुलाया। लेकिन दरवाजा बंद करके फार्म हाउस मालिक ने युवती के साथ जबरन दुष्कर्म किया। जिसके बाद युवती चीखने चिल्लाने लगी। उसकी चीख़ पुकार सुनकर फार्म हाउस में काम कर रहे अन्य मजदूर व युवती के पिता जो फार्म हाउस में काम करते थे किचन के बाहर पहुँचे। दरवाजा खुलवाकर लड़की को फार्म हाउस मालिक के चंगुल से छुड़वाया गया। जिसके बाद युवती को लेकर उसके परिजन बेरला पुलिस थाना पहुंचे, व फार्म हाउस मालिक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया गया।
पूरे मामले में पुलिस ने फार्म हाउस मालिक के खिलाफ 342, 376 के तहत अपराध दर्ज किया था। दुष्कर्म के मामले में न्ययालय ने सबूतों के आधार पर फार्म हाउस मालिक को 10 साल कैद की सजा सुनाई है।

