घर-घर सर्वे का काम लगभग पूरा
रिकार्ड 16,000 लोगों का हुआ टेस्ट
रायगढ़,13 अक्टूबर 2020
कोरोना को लेकर जिला प्रशासन द्वारा कोविड-19 सघन सर्वे 5 अक्टूबरसे शुरू हुआ है और यह 12 अक्टूबर तक चलेगा | इस सर्वे में घर-घर जाकर स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा लक्षण वाले मरीजों की पहचान एवं उनकी जांच की जा रही है इनमें से कई लोग कोरोना पॉजिटिव और कई लोग नेगेटिव पाए गए हैं । इस सर्वे का मुख्य उद्देश्य यह है कि लक्षण वाले मरीजों की शीघ्र पहचान की जाए ताकि उनका समय से उपचार कर उनको संभावित खतरे से बचाया जा सके। इसमें जिले के लगभग सभी घर कवर हो गए हैं। ज्यादातर लक्षण वाले मरीजों की पहचान कर उन्हें उचित इलाज व सुविधाएं मुहैय्या कराई जा रही है।
1,400 लोगों की टीम ने इस पूरे सघन सर्वे अभियान में लगी है । सैंपल जांच के लिए 180 टीम पूरे जिले में सक्रिय थी। जिसके कारण सर्वे में अधिक से अधिक आबादी को शामिल किया जा सका। इन सात दिनों में बिना सर्वे के भी जांच हुए जिसमें लोग स्वस्फूर्त सैंपल सेंटर तक आए। 5 से 12 अक्टूबर तक सर्वे में 11,528 लोगों की टेस्ट किया जा चुका है और 4,422 लोग बिना सर्वे के जांच कराए आए। कुल मिलाकर 7 दिनों में रिकार्ड 16,000 टेस्ट रायगढ़ जिले में हुए जो पूरे राज्य में टेस्ट के मामले में रिकार्ड है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सर्वे में 3 लाख 29 हजार 276 घरों को कवर किया गया है । जिसमें 7,468 लक्षण वाले मरीज मिले जिनमें से 1,574 हाई रिस्क वाले थे। 7,323 लोगों का रैपिड एंजीटन टेस्ट किया गया जिसमें से 451 लोग पॉजिटिव आए। इसी तरह 4,255 लोगों का आरटीपीसीआर टेस्ट नेगेटिव आया, आरटीपीसीआर में 135 लोगों का टेस्ट पॉजिटिव प्राप्त हुआ।
बिना लक्षण वाले मरीज भी सर्तक रहें: सीएमएचओ
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसएन केसरी ने बताया कि सघन जांच सर्वे में जितने भी सैंपल लिए गए हैं उनमें से एंटीजन टेस्ट लगभग शत प्रतिशत पूरे हो चुके हैं। आरटीपीसीआर दो दिन में पूरा हो जाएगा। अभी लगभग 250 केसेस रोज आ रहे हैं। लोगों को और ज्यादा सावधानी बरतनी होगी। ठंड नजदीक है जिससे खतरा और बढ़ सकता है। जिले की आबादी 16 लाख के करीब है और अभी तक लगभग 10 हजार लोग ही जिले में पॉजिटिव आए हैं यानी अभी आबादी का एक प्रतिशत हिस्सा भी इसकी चपेट में नहीं आया है। इसलिए हमें बहुत सावधानी बरतने की जरुरत है, श्री केसरी ने बताया कि इस सर्वे में लक्षण वाले मरीजों का टेस्ट हुआ था लेकिन जिनमें लक्षण नहीं हैं वे सतर्क रहें और जैसे ही कोई लक्षण उनमें दिखे वो तुरंत नजदीकी सैंपल कलेक्शन सेंटर में अपनी जांच कराएं।

