रायगढ़. जूटमिल चाैकी क्षेत्र के केलाे नदी पुल से साेमवार दाेपहर छलांग लगाने वाली युवती का शव 22 घंटे बाद मंगलवार की सुबह जूटमिल-बांजीनपाली के बीच नदी में उतराता मिला। माैके पर पहुंची पुलिस ने शव काे बाहर निकाल कर उसकी शिनाख्त कराई। युवती शहर के जूटमिल की रहनी वाली बताई जा रही है। वह मेकाहारा के सामने एटूजेड बाजार में काम करती थी। पुलिस इसे आत्महत्या मानकर परिजन के साथ साथ काम करने वालों से पूछताछ कर रही है। साेमवार सुबह 12 बजे के करीब जूटमिल के केलाे पुल से एक 20 वर्षीय युवती ने कूद कर खुदकुशी की थी। घाट पर कपड़े धाेने, नहाने के लिए आई जेलपारा की महिलाओं ने युवती काे कूदते हुए देखा था। मंगलवार को पुलिस काे सूचना मिली कि एक लाल रंग की कुर्ती और पीले रंग की सलवार पहने लगभग 20 साल की युवती का शव मिला है। शव जूटमिल और बांजीनपाली की बीच पानी में उतरा रहा है। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव काे बाहर निकाला। माैके पर पहुंचे स्थानीय लाेगाें ने उसकी शिनाख्त राधिका (20) पिता बाबूलाल चाैहान निवासी जूटमिल के रूप में की है। माैके पर पहुंचे परिजन ने पुलिस काे बताया कि वह मेकाहारा के सामने एटूजेड सेल में काम करती थी। चाैकी प्रभारी अमित शुक्ला ने बताया कि मर्ग कायम कर शव काे पाेस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
देर रात घर न पहुंचने पर भाई ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी
जूटमिल क्षेत्र के झाेपड़ीपारा के बाबूलाल का पुत्र मुन्नालाल साेमवार देर रात जूटमिल चाैकी पहुंच कर अपनी बहन राधिका के घर न आने की रिपाेर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस काे इस बात का संदेह हाेने लगा था कि केलाे पुल से कूदने वाली कहीं राधिका ताे नहीं। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि वह कब घर से निकली, ड्यूटी पर गई थी या नहीं, काम बीच में छोड़कर तो आत्महत्या करने नहीं पहुंची थी।

