कोरबा जिले में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के नेतृत्व में कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी द्वारा कटघोरा पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त टीम के साथ मोबाइल सिम विक्रेताओं व एजेंटों की जांच की गई। इस दौरान सिम कार्ड जारी करने में गड़बड़ियों का बड़ा खुलासा हुआ।
फर्जी फिंगरप्रिंट स्कैनिंग से हजारों सिम जारी
जांच में सामने आया कि आरोपी मोबाइल सिम जारी करने के लिए फिंगर स्कैनर का दुरुपयोग कर रहे थे। वे एक ही व्यक्ति के फिंगरप्रिंट को तीन-चार बार स्कैन कर कई सिम कार्ड जारी कर लेते थे। ये फर्जी सिम कार्ड मोटी रकम में बेचे जाते थे, जिनका साइबर अपराधों में उपयोग किया जाता था।
2,000 से अधिक फर्जी सिम जारी, 8 गिरफ्तार
पुलिस ने कटघोरा, छुरी, धवईपुर, डुडगा सहित अन्य स्थानों से 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में करीब 2,000 फर्जी सिम जारी कर बेचे जाने की जानकारी मिली है।
बरामदगी व कानूनी कार्रवाई
आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन, 1 फिंगर स्कैनर और 53 ब्लैंक मोबाइल सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

