अरहर उड़द मूंग उत्पादनकर्ता किसानों के लिए
खरसिया। खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान योजना अर्थात पीएम-आशा योजना के तहत अरहर उड़द एवं मूंग फसलों की बुवाई करने वाले कृषकों का पंजीयन प्रारंभ हो चुका है।
कृषि विस्तार अधिकारी नृपराज डनसेना ने बताया कि इन फसलों की बुवाई करने वाले कृषक अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों के माध्यम से सेवा सहकारी समितियों में आवेदन पत्र के साथ ऋणपुस्तिका, बी-1, पी-11, आधार कार्ड एवं बैंक पासबुक की छायाप्रति जमा कर एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीयन करवा सकते हैं। पंजीयन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2022 तय की गई है।
इस योजना के अंतर्गत निर्धारित समय सीमा में पंजीकृत कृषकों की अरहर उड़द एवं मूंग फसल को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित द्वारा खरीदी किया जावेगा। इस योजना के अंतर्गत शासन द्वारा अरहर एवं उड़द फसल हेतु न्यूनतम समर्थन मूल्य 6600 सौ प्रति क्विंटल एवं मूंग फसल हेतु 7755 सौ रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है। रायगढ़ जिले में इन फसलों के खरीदी हेतु शासन द्वारा सीजीएसडब्ल्यूसी लोहरसिंह-2 (औरदा) में खरीदी केंद्र चिन्हांकित किया गया है। उड़द एवं मूंग की खरीदी 17 अक्टूबर 2022 से 16 दिसंबर 2022 तक एवं अरहर की खरीदी 13 मार्च 2023 से 12 मई 2023 तक की अवधि में की जावेगी।

