रायगढ़ कलेक्टर रानू साहू के नहीं होने पर ईडी ने उनके बंगले को सील कर दिया था। इसके साथ ही दो कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। इस बंगले के चार कमरों को काफी अहम माना जा रहा है।

(कोरबा कलेक्ट्रेट स्थित खनिज विभाग के दफ्तर में ईडी की टीम ने मारा छापा।)
छत्तीसगढ़ में ईडी का शिकंजा धीरे-धीरे अफसरों पर कसता जा रहा है। तीन दिनों से जारी कार्रवाई के बीच गुरुवार दोपहर ईडी की टीम ने कोरबा कलेक्ट्रेट में छापा मारा है। यहां पर खनिज विभाग में दस्तावेजों की जांच की जा रही हैं। वहीं कोरबा कलेक्टर से भी पूछताछ हो रही है। पूरे कलेक्ट्रेट परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। किसी भी व्यक्ति के आवाजाही पर रोक है। इससे पहले सुबह ईडी ने आईएएस समीर विश्नोई और दो कोयला व्यापारियों को गिरफ्तार किया है।
कोयला परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की हो रही जांच
ईडी के अफसर गुरुवार दोपहर कोरबा कलेक्ट्रेट स्थित खनिज विभाग के दफ्तर पहुंची है। दो बड़ी लग्जरी वाहन और एक बस में भारी संख्या में केंद्रीय बल के जवानों को देखकर अधिकारी-कर्मचारी सब सकते में आ गए हैं। ईडी की टीम कोरबा कलेक्टर संजीव झा से भी जानकारी ले रहे हैं। इस दौरान खनिज विभाग में खदानों से कोयला परिवहन करने की अनुमति से जुड़े दस्तावेज खंगाले जा रहे। डीएमएफ फंड से भी संबंधित लेने की जांच को किए जाने की चर्चा है।
रानू साहू और माया वारियर के बीच थे मधुर संबंध
प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने आदिवासी विकास विभाग की आयुक्त माया वारियर के दफ्तर में भी दबिश दी है। बताया जा रहा है कि रायगढ़ की कलेक्टर रानू साहू जब पहले कोरबा में पदस्थ थीं तो उस दौरान दोनों अफसरों के बीच संबंध काफी मधुर थे। ऐसे में उनके कार्यकाल के दौरान की भी जांच की जा रही है। दूसरी ओर एक टीम रायगढ़ भी पहुंची हुई है। वहां कलेक्ट्रेट में खनिज विभाग के दफ्तर में कार्रवाई चल रही है। अफसर कोयला खनन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं।
केंद्रीय जांच एजेंसी स्थाई रहेगी – ईडी की तीन दिनों से चल रही इस कार्रवाई को लेकर एक बार फिर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने BJP पर निशाना साधा है। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि अब छत्तीसगढ़ में चुनाव हैं, तो यह लोग (केंद्रीय जांच एजेंसियां) स्थाई रहेंगी। उन्होंने कहा कि वह (भाजपा) हताश हो चुके हैं। वह समझ गए हैं कि उनकी छत्तीसगढ़ में दाल गलने वाली नहीं है और इसलिए सरकार को बदनाम करने में लगे हैं।
छत्तीसगढ़ में तीन दिनों से जारी है ईडी की कार्रवाई
छत्तीसगढ़ के कई शहरों में मंगलवार तड़के से ही ईडी की कार्रवाई जारी है। इस दौरान ईडी ने एक IAS अफसर के घर से करीब चार करोड़ रुपये की नकदी, सोना, करोड़ों की ज्वैलरी और दस्तावेज बरामद किए हैं। हालांकि यह नहीं बताया गया है कि ये सब सामान कहां से बरामद किया गया है। कहा जा रहा है कि CRPF के करीब 200 जवान और छत्तीसगढ़ पहुंच गए हैं। रायपुर के अलावा रायगढ़,बिलासपुर, कोरबा में भी कार्रवाई जारी है। ईडी के टारगेट में कोयला और रेत का कारोबार करने वाले लोग ज्यादा हैं।

