रायगढ़ दृष्टि व केके फिल्म्स का शानदार आयोजन
रायगढ़। रायगढ़ दृष्टि व केके फिल्म्स के संयुक्त तत्वावधान में इस बार भी छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। शहरवासी छत्तीसगढ़ी लोकगीतों व नृत्यों के साथ छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का आनंद उठा सकेंगे। इसकी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।
रायगढ़ दृष्टि व केके फिल्म्स के डायरेक्टर कमल शर्मा ने बताया कि एक नवंबर 2022 का दिन हम छत्तीसगढ़ वासियों के लिए गर्व व अभिमान का दिन है। इस दिन हमें नए छत्तीसगढ़ राज्य की सौगात मिली थी। इस साल हम छत्तीसगढ़ राज्य का 23वां स्थापना दिवस मनाने जा रहे हैं। हमारी संस्था की ओर से पिछले 21 सालों से हर साल धूमधाम से राज्योत्सव मनाया जा रहा है। इसके माध्यम से छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति व खानपान के साथ इसके समृद्ध इतिहास को नई पीढ़ी के सामने लाने का प्रयास करते हैं। इसी कड़ी में इस साल एक नवंबर को कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें स्थानीय कलाकार छत्तीसगढ़ी लोकगीत, लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुति देंगे। इस मौके पर लोग छत्तीसगढ़ी पकवान का भी आनंद उठा सकेंगे।
23 लोगों को दिया जाएगा राज्योत्सव सम्मान – श्री शर्मा ने बताया कि इस साल छत्तीसगढ़ राज्य का 23वां स्थापना दिवस समारोह है, इसलिए हमारी संस्था ने इस साल 23 लोगों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। इनमें छत्तीसगढ़ राज्य के विकास में योगदान देने वाले जिले के विशिष्टजन के साथ छत्तीसगढ़ी लोक, कला, संस्कृति को बढ़ावा देने वाले लोक कलाकार व समाजसेवी शामिल हैं।

