रायपुर/कोरबा. छत्तीसगढ़ के मरवाही उपचुनाव को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जोगी परिवार पर तंज कसा है। उन्होंने कहा, हम किसी को चुनाव लड़ने से नहीं रोक रहे हैं। मरवाही आरक्षित सीट है। जो आदिवासी होगा, वही चुनाव लड़ेगा।
कांग्रेस प्रत्याशी केके ध्रुव के नामांकन के लिए मुख्यमंत्री बघेल मरवाही रवाना हुए
कहा- कांग्रेस की परंपरागत सीट है, डेढ़ साल में जो काम किया, उसका फल जनता देगी
मरवाही विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जोगी परिवार पर तंज कसा है। उन्होंने कहा, हम किसी को चुनाव लड़ने से नहीं रोक रहे। मरवाही आरक्षित सीट है। जो आदिवासी होगा, वही चुनाव लड़ेगा। उन्होंने कहा- मरवाही कांग्रेस की परंपरागत सीट है और वहां से हमारी जीत पक्की है। मुख्यमंत्री बघेल शुक्रवार को मरवाही रवाना होने से पहले मीडिया से बात कर रहे थे।
कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन में शामिल होने जा रहे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, पिछले 15 सालों में मरवाही की अनदेखी की गई, जिसके कारण विकास से वंचित रहा। हमारी सरकार ने डेढ़ साल ने में जो किया उसे जनता ने भी देखा।
कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन में शामिल होने जा रहे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, पिछले 15 साल में मरवाही की अनदेखी की गई, जिसके कारण यह इलाका विकास से वंचित रहा। हमारी सरकार ने डेढ़ साल में जो किया, उसे जनता ने भी देखा। हम विकास की नई इबारत लिख रहे हैं। जनता इसका फल जरूर देगी। लोग लंबे समय से जिले की मांग कर रहे थे। हमने उन्हें नया जिला पेंड्रा-मरवाही-गौरेला दिया।
चुनाव को चुनाव की तरह लड़ने में विश्वास रखते हैं
मुख्यमंत्री बघेल ने इस दौरान जोगी परिवार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, चुनाव को चुनाव की तरह लड़ने में विश्वास रखते हैं। केवल वैध एसटी प्रमाण पत्र वाले ही चुनाव लड़ेंगे, लेकिन आरोप लगाया जा रहा है। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा, जिसके पास योग्यता का प्रमाण होगा, उसे कोई भी चुनाव लड़ने से नहीं रोक सकता। इसका मूल्यांकन निर्वाचन आयोग करता है, सरकार नहीं।
प्रबंधन का अपना तरीका होता है, कांग्रेस के सामने कोई चुनौती नहीं
मरवाही उपचुनाव के दौरान इतने सारे विधायकों और मंत्रियों की ड्यूटी लगाए जाने को लेकर मुख्यमंत्री बघेल ने कहा, प्रबंधन का अपना तरीका होता है। चुनाव होता है तो सबकी ड्यूटी लगती है। ये एक प्रक्रिया है जिसका पालन करना होता है। कांग्रेस ने भी अपनी तैयारी की है, इसमें कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कहा, कांग्रेस के सामने कोई चुनौती नहीं है। कांग्रेस प्रत्याशी अपार मतों से जीत हासिल करेगा।
हेलीकॉप्टर से पसान और वहां से सड़क मार्ग से मरवाही रवाना
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल हेलीकॉप्टर से कोरबा के पसान पहुंचे। वहां से सड़क मार्ग से मरवाही के लिए रवाना हो गए। मुख्यमंत्री के साथ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, पीसीसी चीफ मोहन मरकाम भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री के पहुंचने पर राजस्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल, विधायक पाली तानाख़ार मोहित किरकेट्टा, महापौर राजकिशोर प्रसाद सहित कई नेताओं ने स्वागत किया।

