जशपुर। हिन्दू संगठनों के आह्वान पर आयोजित बंद का जिला मुख्यालय में व्यापक असर। शहर का बाजार पूरी तरह बन्द। संगठन के कार्यकर्ता सड़क में घूम कर बन्द कराने में जुटे। एएसपी उमेश कश्यप ने बताया कि सुरक्षा के लिए डेढ़ सौ जवानों की ड्यूटी लगाई है। जशपुर के महाराजा चौक में जुटी भीड़ और तैनात पुलिस अधिकारी सुरक्षा के दृष्टिकोण से लगे हुए हैं। शहर के कोने कोने में पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है.”
यह है पूरा मामला
हिंदू युवती और मुस्लिम युवक के प्रेम प्रसंग से उपजा विवाद गहराता जा रहा है। मुस्लिम युवक के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किए जाने की मांग हिंदू संगठनों ने की है। बुधवार की रात उन्होंने ये मांग पूरी नहीं होने पर अनिश्चित समय के लिए चक्काजाम और बाजार बंद की घोषणा कर दी है। इससे पहले सर्व हिंदू समाज की एक बैठक की गई, जिसमें हिंदू युवती के मतांतरण की कोशिश पर सबने नाराजगी जताई। बैठक के बाद एकजुट होकर शहरवासी सिटी कोतवाली पहुंचे। यहां एएसपी उमेश कश्यप से बीते 24 घंटे के दौरान की गई कार्रवाई की जानकारी मांगी।

एएसपी कश्यप ने बताया कि युवती के स्वजन का बयान दर्ज किया गया है। इस बयान में मुस्लिम युवक द्वारा डराने धमकाने की कोई बात सामने नहीं आई। इसलिए उसके खिलाफ किसी प्रकार की कार्रवाई संभव नहीं है। इसके बाद एकजुट हुए हिन्दू संगठनों ने चक्काजाम और बाजार बंद की घोषणा कर दी। प्रेम प्रसंग के इस मामले को लेकर मंगलवार को शहर में जमकर बवाल हुआ था। हंगामा उस समय शुरू हुआ, जब हिंदू युवती के मतांतरण से संबंधित एक शपथपत्र इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हुआ।
इस मामले को लेकर हिंदू और मुस्लिम युवाओं के बीच झड़प हुई। रात को लगभग आठ बजे एसपी कार्यालय का भीड़ ने घेराव कर दिया और मुस्लिम युवक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए धरने में बैठ गए। लगभग दो घंटे बाद एएसपी द्वारा 24 घंटे में मामले की जांच करने का आश्वाशन के बाद धरना समाप्त हुआ था।
शिकायत के आधार पर मामले की जांच की गई। फिलहाल इस मामले में कार्रवाई के स्तर के तथ्य नहीं मिले है,जांच जारी है। बंद के दौरान शांति व्यबस्था बनाये रखने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।
उमेश कश्यप, एएसपी, जशपुर


