रायगढ़. बोईरदादर की बांग्लादेशी रिफ्यूजी कॉलोनी में आवासीय पट्टे से लगी नजूल भूमि पर बनीं दुकानें अतिक्रमण करने वाले ने खुद ही हटाना शुरू कर दिया। पिछले दिनों यहां तोड़फोड़ की कार्रवाई को लेकर आयुक्त और निगम के जनप्रतिनिधियों के बीच विवाद हुआ था। महापौर द्वारा 3 दिन के बाद कार्रवाई की बात पर निगम ने तोड़फोड़ रोक दी थी। सोमवार को महापौर के साथ वार्ड के पार्षद और बेजा कब्जा करने वालों ने 3 दिन के भीतर अतिक्रमण हटाने का लिखित आश्वासन दिया था। रिफ्यूजी कॉलोनी में तपन विश्वास को एक हजार वर्गफीट आवासीय जमीन का पट्टा दिया गया था। घर के बगल में खाली पड़ी लगभग 1000 वर्गफीट सरकारी जमीन पर कब्जा कर उसने दुकान बनानी शुरू कर दी थी। तपन ने बताया कि उसने ग्राउंड फ्लोर में घर और मकान बनाने के साथ में ऊपरी तल पर भी दुकान बनाने की तैयारी थी, इसका पूरा उपयोग कमर्शियल उपयोग करने को लेकर था।
नजूल जमीन की बिक्री के नियमों को लेकर भ्रम
तपन ने बताया कि उसने इस निर्माण के लिए 5 लाख रुपए बैंक से अपने मां के नाम से फायनेंस कराया था। कुछ राजनीति के साथ व्यावसायिक लोगों ने उसे विश्वास दिलाया था कि वो निर्माण करे निगम से कोई भी कार्रवाई नहीं होगी, इसलिए उसने नोटिस मिलने के बाद भी उसने काम जारी रखा था। उसके संपर्क में नगर निगम के कुछ लोगों ने भी उसे आश्वस्त किया था वह चिंता न करे कोई कार्रवाई नहीं होगी। उसने अपने वकील से बातचीत की है जिसके बाद उसने कोर्ट में भी केस दर्ज करने की बात कर रहा है। दरअसल सरकार के आदेश पर नजूल जमीन की बिक्री हो रही है। इसमें भ्रम की स्थिति है, लोगों को लग रहा है कि कहीं भी नजूल भूमि पर कब्जा कर निर्माण करा दें और फिर रुपए देकर नजूल विभाग से जमीन खरीद लें, जबकि कलेक्टर भीम सिंह ने बताया कि वर्ष 2017 या उसके पहले तक किसी नजूल भूखंड पर किसी का कब्जा है या उसने निर्माण करा लिया है तो ही कब्जाधारी 152 फीसदी राशि देकर नजूल जमीन अपने नाम करा सकता है। उसके बाद कब्जा की गई भूमि पर सार्वजनिक नीलामी होगी।
कलेक्टर का जैसा निर्देश होगा हम कार्रवाई करेंगे
“तीन दिन का समय दिया था, समय पूरा होने के बाद कब्जा करने वाले ने खुद ही अवैध निर्माण हटाना शुरू कर दिया है। यदि वह नजूल जमीन भूमि पर दुकानों नहीं तोड़ता है तो निगम पुलिस बल ले जा उसे तोड़ेगा। जमीन को खरीदने के लिए आवेदन का जहां तक सवाल है तो कलेक्टर के आदेश पर आगे कार्रवाई होगी।”
-आशुतोष पांडेय, आयुक्त, नगर निगम
आवेदन आया है, हम मौके पर जाकर निरीक्षण करेंगे
“बोईरदादर के तपन विश्वास ने नजूल जमीन को मार्केट रेट से 152 फीसदी अधिक रेट में खरीदने के लिए आवेदन किया है। आवेदन के बाद हम इस जमीन पर निरीक्षण करेंगे इसके बाद यदि गाइडलाइन के अनुसार जो भी सही होगा नियम के अनुसार काम किया जाएगा।’’
-सरस्वती बंजारे, नजूल अधिकारी

