बीरनपुर. छत्तीसगढ़ में बेमेतरा के बीरनपुर गांव में भड़की हिंसा की आग ठंडी नहीं हो पा रही है। गांव में दो युवकों की और हत्या कर दी गई। दोनों के शव मंगलवार सुबह गांव से कुछ दूरी पर एक मकान में मिले हैं। पुलिस अफसरों ने इसकी पुष्टि की है। वहीं देर रात उपद्रवियों ने चोरभट्टी और चेचानमेटा गांव में भी दो मकानों में आग लगा दी। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। गांव में अभी भी फोर्स तैनात है। प्रशासन शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।
देर रात दूसरे जिलों से मंगाई गई फोर्स – जानकारी के मुताबिक, देर शाम जब उपद्रवियों को वहां से खदेड़ा गया, तभी हत्या की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि गांव में बच्ची सहित चार लोगों के शव और मिले हैं। इनकी भी हत्या करने की बात कही गई है। हालांकि इसकी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है। फिलहाल गांव में देर रात 600 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। दूसरे जिलों से भी फोर्स मंगवाई गई है। आने-जाने वालों से सख्ती से पूछताछ की जा रही है। स्कूल और कॉलेज जाने वाले परीक्षार्थियों को सुरक्षा व्यवस्था के साथ भेजा जा रहा है।
शवों की शिनाख्तगी का प्रयास जारी – बेमेतरा एसपी इंदिरा कल्याण एलेसेला ने बताया कि बीरनपुर और साजा गांव के बीच कोरवा गांव है। वहां पर 45 से 50 साल उम्र के दो लोगों का शव मिला है। दोनों के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। ऐसे में आशंका है कि उनके सिर पर वारकर मारा गया है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि आपसी लड़ाई में उनकी जान गई है या फिर हत्या की गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों शवों की शिनाख्तगी का प्रयास किया जा रहा है। उसके बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। कई जगह से हिंसा की खबर आ रही है, लेकिन पुष्टि नहीं हो रही है।
युवक की हत्या के बाद भड़की हिंसा – दरअसल, 8 अप्रैल को बीरनपुर गांव में दो समुदायों के लड़कों के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद इसमें बड़े भी शामिल हो गए। इस दौरान एक युवक की हत्या कर दी गई। घटना के विरोध में विश्व हिंदू परिषद ने 10 अप्रैल को छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान किया था। इसे देखते हुए जहां बीरनपुर में धारा-144 लगा दी गई थी, वहीं पूरे प्रदेश में भी पुलिस फोर्स सड़कों पर थी। संभावना थी कि इस बंद के बाद हालात सुधर जाएंगे, लेकिन हत्या के बाद फिर क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है।
बंद के दौरान भी हुआ था उप्रदव – छत्तीसगढ़ में सोमवार को बुलाए गए बंद के दौरान जमकर बवाल हुआ था। बेमेतरा के बीरनपुर गांव में उप्रदवियों ने एक मकान फूंक दिया। इसके चलते वहां रखा सिलेंडर ब्लास्ट हो गया था। इसमें आईजी आनंद छाबड़ा बाल-बाल बचे थे। वहीं रायपुर में भी उपद्रवियों ने रावणभाठा अंतरराज्यीय बस स्टैंड से संचालन रोकने के लिए एक बस पर पथराव कर दिया था। साथ ही शहर के सभी बाजार और मॉल बंद करा दिए गए थे। इसके अलावा हाईवे जाम कर सड़क पर प्रदर्शन किया गया। देर शाम भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव को गिरफ्तार किया गया था।

