बादल गांव में किन्नू के बाग में जगह समतल करके करीब 50 फीट लंबा और 30 फीट चौड़ा एक चबूतरा तैयार किया गया है जहां प्रकाश सिंह बादल का अंतिम संस्कार होगा। बाद में इसी चबूतरे को स्मारक में बदल दिया जाएगा और यहां बादल की यादगार बनेगी।
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का आज उनके पैतृक गांव बादल में दोपहर बाद एक बजे पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। इससे पहले सुबह दस से पैतृक निवास में लोग पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन कर श्रद्धा-सुमन अर्पित करने पहुंच रहे हैं। उनकी अंतिम यात्रा घर से खेत तक ट्रैक्टर में निकाली जाएगी। ट्रैक्टर को फूलों से सजाया गया है। बादल जिस बाग के बागबां थे, गुरुवार को उसी बाग की जमीन में वे पंचतत्व में विलीन हो जाएंगे।
अंतिम संस्कार पर शिअद के हजारों कार्यकर्ताओं के अलावा विभिन्न पार्टियों के नेताओं सहित बड़ी संख्या में आम लोग पहुंच रहे हैं। लोगों की भारी भीड़ को देखते हुए ही बादल के अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव बादल के लंबी रोड पर स्थित उनके किन्नू के बाग में जगह तैयार की गई है। इस बाग की देख-रेख बादल खुद किया करते थे।

