मुलमुला. पामगढ़ ब्लॉक के चोरभट्टी गांव में युवाओं ने तालाब के बीच बांस, बल्लियों के सहारे पंडाल बनाकर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की है। जय चंडी दुर्गा उत्सव समिति के सदस्य पिछले दो सालों से इसी तरह विशेष रूप से दुर्गा पूजा करते आ रहे हैं। सदस्यों ने बताया कि ऐसे पंडाल दर्शन के लिए आने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र होता है। उन्होंने बताया कि पंडाल बनाने में अधिक खर्च नहीं आया है, सामान्य तौर पर बांस बल्ली ,प्लास्टिक के ड्रम ,टिन की आवश्यकता होती है। पिछले साल लोगों को प्रतिमा के दर्शन नाव के माध्यम से कराते थे पर इस बार कोरोना महामारी के कारण नाव का उपयोग केवल समिति के सदस्य कर रहे हैं। भक्त किनारे से देवी के दर्शन कर रहे हैं।
एक छोर से दूसरे छोर तक खींचते हैं नाव को
तालाब में हाथ से बनाए गए नाव को चलाने एक तरफ पंडाल के तथा दूसरी ओर घाट के छोर पर लंबी रस्सी बांधी गई है जिसकी सहायता से नाव को तालाब के पानी पर चलाया जा सके । नाव बनाने में प्लास्टिक के ड्रम, टिन, बांस जैसे हल्के सामानों का उपयोग किया है, जो पानी पर आसानी से तैर सके।

