दीपोत्सव में 21 लाख दीप केवल राम की पैड़ी पर जलाने की तैयारी
दीपोत्सव के लिए अयोध्या रोशनी से नहा उठी है। 24.60 लाख दीये बिछाए जा चुके हैं। शनिवार को दीपोत्सव में 21 लाख दीप केवल राम की पैड़ी पर जलाने की तैयारी है जोकि एक विश्व रिकॉर्ड भी साबित होगा। इस रिकॉर्ड को हासिल करने के लिए 3 लाख 60 हजार दिए अतिरिक्त भी जलाएं जाएंगे ताकि दीपमाला अनवरत रहे।
सबसे ज्यादा दीप प्रज्वलित करने का नया कीर्तिमान बनेगा
इस मौके पर्यटन व संस्कृति मंत्री ने कहा कि राम नगरी में सबसे ज्यादा दीप प्रज्वलित करने का एक बार फिर नया कीर्तिमान बनेगा। सबसे अहम बात ये होगी कि प्रभु श्रीराम के राज्याभिषेक के दौरान दुनिया के 50 महत्वपूर्ण देशों के राजनयिक भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि ये दीपोत्सव सभी को त्रेतायुग की याद दिलाता है। जब भगवान श्रीराम लंका पर विजय प्राप्त करके अयोध्या वापस लौटे थे। अयोध्या वासियों ने उनका जिस प्रकार से तब स्वागत सत्कार किया था। उसी प्रकार से आज यहां की सड़कों पर दिखाई दे रहा है। यह अयोध्या ही पूरे हिन्दुस्तान का सौभाग्य है। भारतीय सनातन संस्कृति की ओर से यह संदेश पूरे विश्व पटल पर जाएगा।
श्रीराम की राज्य अभिषेक यात्रा को साकेत महाविद्यालय से प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने तिरंगा झंडा दिखाकर रवाना किया। यात्रा में राम कथा व सामाजिक संदेशों पर आधारित 18 झांकियां हैं। वहीं यात्रा के दौरान अचानक बारिश भी शुरू हो गई।
बारिश में भीगते हुए लोक कलाकारों ने प्रस्तुतियां दी। इस दौरान राम के राज्याभिषेक यात्रा के दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। छतों से पुष्प वर्षा हुई और निरंतर जय श्री राम का उद्घोष हुआ।

