रायगढ़. शहर में कई सड़कों की हालत खराब है लेकिन बारिश रुकने के बाद भी एक महीना और इंतजार करना पड़ेगा। जर्जर सड़कों को बनाने के लिए जो टेंडर जारी किया गया था तो उसे बिलो रेट की वजह से मेयर इन काउंसिल ने निरस्त कर दिया। इसके बाद निगम ने फिर से टेंडर निकाला। दोबारा भी बिलो रेट पर ही आवेदन आए हैं। एमआईसी स्वीकृति और निगम प्रोसेस के बाद ही इसपर काम शुरू होगा। इसमें एक महीने का समय लगने की बात कही जा रही है। मानसून के बाद भी आम लोगों को अभी जर्जर सड़कों पर ही चलना होगा। वही पीडब्ल्यूडी सड़कों को 15 अक्टूबर के बाद शुरू करने की प्लानिंग की गई थी, लेकिन पुसौर, धरमजयगढ़, लोइंग की सड़कों की मरम्मत शुरू होने में समय लगेगा। अभी शहर के भीतर और बाहर सड़कों पर धूल झेलनी पड़ेगी। धरमजयगढ़ रोड के लिए गुरुवार को फिर बैठक- पीडब्ल्यूडी अफसरों के साथ उद्योग प्रतिनिधियों की कलेक्टर गुरुवार को बैठक लेंगे। इसमें ढिमरापुर चौक से लक्ष्मण चरणपादुका तक की सड़क को बनाने के लिए बारिश से पहले करीब 2 करोड रुपए का टेंडर जारी किया था। लेकिन उर्दना चौराहे के पास करीब आधा किलोमीटर की सड़क पूरी तरह से उखड़ गई है, उसे बनाने के लिए ठेकेदार ने भी मना कर दिया है। अब इसी सड़क नया एस्टीमेट बनाया जाएगा। केलो बांध के पास तक डामरीकरण हो सका है। पूंजीपथरा से धरमजयगढ़ तक की सड़क के लिए 3 करोड 3 लाख रुपए का टेंडर सारंगढ़ की एक कंपनी को दिया गया है। कुछ हिस्सा एसईसीएल और स्थानीय उद्योगों के मदद से इसमें सड़क बनाई जानी है। एसईसीएल छह महीने से बोर्ड द्वारा बजट स्वीकृत नहीं किए जाने की बात पर सीएसआर के तहत सड़क नहीं बनवा रहा है। कलेक्टर ने कहा है कि एसईसीएल को सड़क बनवानी पड़ेगी। 25 तक अगर एसईसीएल स्थिति स्पष्ट नहीं करता है तो प्रशासन कार्रवाई करेगा।
पहले 17% तक बिलो में होता था काम, अब 2% भी मंजूर नहीं
शहर में पहले छह से अधिक सड़कों का डामरीकरण करने के लिए टेंडर जारी किया था। इस पर 2 करोड 40 लाख रुपए खर्च होने थे।। ठेकेदारों ने दो फीसदी बिलो में टेंडर डाला तो दर कम बताकर एमआईसी ने स्वीकृति नहीं दिया। इसके बाद ठेकेदारों ने 2 की जगह 4 फीसदी बिलो रेट में डाल दिया है। टेंडर खुलने के बाद फिर उसे एमआईसी में भेजा जाएगा, इससे पहले तक सड़कों के ठेकों में 17 फीसदी तक बिलो में जाता था। इसी बात को लेकर आपत्ति जताते हुए स्वीकृति नहीं दी गई थी। रियापारा, इंदिरा नगर, हंडी चौक से लेकर नगर निगम दफ्तर तक, बोईरदादर विजयपुर की सड़क बनाई जानी है। इसमें मरीन ड्राइव, चक्रधर चौक से लेकर हेमू कलाणी चौक की सड़क को बनाने के प्रस्ताव को कैंसिल किया गया है।
काम शुरू होने में थोड़ा समय लगेगा
“15 अक्टूबर के बाद से सड़कों का काम शुरू करना है, डामरीकरण के काम में थोड़ा समय लगेगा। इसमें पहले हमने एमआईसी को भेजा था, जिसमें वहां से मंजूरी नहीं मिली इसकी वजह से टेंडर निरस्त करना पड़ा। अब फिर रिटेंडर किया गया है, उसे फिर से एमआईसी से टेंडर स्वीकृति देना है। इसमें थोड़ा समय लगेगा, कोशिश की जा रही है इसे जल्दी से जल्दी शुरू कराए।”
-अजीत तिग्गा, ईई, नगर निगम

