रायपुर. ड्रग्स मामले में पुलिस ने मंगलवार को देवेंद्र नगर, बैरनबाजार, मौदहापारा और भिलाई में छापा मारा। पुलिस मामले में 4 युवक और 2 युवती की तलाश कर रही है, जो गिरफ्तार पैडलर के साथ काम करते थे। ड्रग्स का मामला फूटने के बाद से संदेही फरार हैं। उनकी तलाश में लगातार पुलिस छापे मार कर रही है। संदेहियों ने पुलिस के डर से राज्य ही छोड़ दिया है। कुछ के विदेश भागने का भी शक है। टीआई रमाकांत साहू ने बताया कि रायपुर और भिलाई के कुछ लोगों के खिलाफ ड्रग्स बेचने का क्लू मिला है। उनका गिरफ्तार पैडलर से सीधा लिंक है। उनकी तलाश में कुछ जगह छापा मारा गया था, लेकिन संदेही नहीं मिले हैं। उनका मोबाइल भी पिछले 20 दिनों से बंद है। उन्होंने बताया कि इस मामले में जल्द कुछ गिरफ्तारी की जाएगी। उनकी टीम मुंबई और गोवा के बड़े पैडलर की तलाश कर रही है। आरोपियों के मोबाइल पर मुंबई के कुछ फोन नंबर मिले हैं, उन्हें खंगाला जा रहा है। हालांकि वे नंबर पिछले एक महीने से बंद हैं। इसलिए संदेहियों को ट्रेस करने में दिक्कत आ रही है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि देवेंद्र नगर, बैरनबाजार, मौदहापारा के तीन युवक पहले गिरफ्तार हुए आरोपी श्रेयांस और विकास से जुड़े हुए हैं। शहर के कुछ कारोबारियों के नाम सामने आए हैं, जो खुद ड्रग्स लेते और बेचते हैं। इसमें होटल कारोबार से जुड़े लोग भी शामिल हैं।

