जशपुर. समय सीमा बैठक में कलेक्टर ने दुकानों के सामने गोला बनाने के दिए निर्देश
साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर महादेव कावरे ने कहा कि स्वास्थ्य सुरक्षा अभियान के तहत जिले ग्रामीण एवं नगरीय निकायों में अब हर सप्ताह के दो दिन बुधवार एवं गुरुवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं मितानिनों के माध्यम से घर-घर जाकर लोगोें का कोरोना सर्वे के संबंध में जानकारी ली जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य अधिकारियों को माइक्रोप्लान तैयार करने के निर्देश दिए है। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी और नगरीय निकाय के अधिकारियों से कहा कि जिले में कंटेनमेंट जोन के दौरान भीड़-भाड़ की स्थिति निर्मित न होने पाए इसका विशेष ध्यान रखें। जिस वार्ड को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है, उस वार्ड में लोग शासन के नियमों का पालन करें और चिह्नांकित एरिया तक दुकान लोगों की आवाजाही को भी नियंत्रित करने के निर्देश दिए है। ताकि कोरोना संक्रमण का फैलाव न हो सके। उन्होंने कहा कि उचित मूल्य दुकान, शराब दुकान, पेट्रोल पंप, बैंक, पोस्ट आफिस, राशन दुकान अन्य दुकानों के सामने गोला अनिवार्य रूप से बनवाए ताकि लोग सामान खरीदने जाए तो एक-एक करके सामान खरीदें ताकि सोशल डिस्टेंस का पालन हो सके। बिना मास्क लगाए सामान खरीदने आते है तो दुकानदार ग्राहकों को सामान नहीं देने के लिए कहा गया है। पेट्रोल पंप में भी बिना मास्क के पेट्रोल लेने आते है तो ऐसे ग्राहकों को पेट्रोल नहीं देने कहा। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि लोगों द्वारा नियम उल्लंघन करने पर कार्यवाही करें। शासन के द्वारा निर्धारित जुर्माना भी लगाने के लिए कहा है। उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को भी कंटेनमेंट जोन में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए है। उन्होंने गोधन न्याय योजना की समीक्षा करते हुए जनपद सीईओ से कहा कि गौठान समिति के अध्यक्षों के खातों में गोबर खरीदी के लिए पर्याप्त राशि जमा कर दी गई है। जिन गौठानों में राशि जमा नहीं हो पाई है, उसकी जानकारी देने के निर्देश दिए है। उन्होंने गौठानों में वर्मी टाका निर्माण कार्य को भी पूर्ण करने के निर्देश दिए है।

