तमिलनाडु से एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है। यहां चोर, चोरी करने के बाद एक नोट छोड़ गया था। इस नोट को तमिल में हरे रंग की स्याही से लिखा गया था, जो अब इंंटरनेट पर वायरल हो गया है। पुलिस ने पुष्टि की कि 60000 रुपये नकद, दो जोड़ी सोने की बालियां और चांदी की पायलें गायब थीं।
आपने चोरी और सेंधमारी के तो कई मामले देखे होंगे, लेकिन चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने चोरी के बाद मकान मालिक के नाम एक लेटर लिखा। इसमें उसने अपना सारा हाल-ए-दिल बयां करते हुए एक महीने के अंदर चोरी किए गहने और कैश लौटाने की बात कही है। ये घटना तमिलनाडु के तूतीकोरिन जिले में सामने आई है।
बेटे के घर गया था बुजुर्ग जोड़ा – ये घटना 79 साल के रिटायर टीचर दंपत्तिचिथिराई सेल्विन के घर हुई। उनकी पत्नी भी रिटायर शिक्षक हैं। उनके चार बच्चे हैं। 17 जून को दंपत्ति अपने बेटे के परिवार से मिलने चेन्नई गए थे और उनके घर पर काम करने वाली महिला के भरोसे घर छोड़ गए थे। उसी दिन नौकरानी शाम को घर पहुंची तो उसे चोरी का पता चला और उसने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
नोट लिखकर चोर ने मांगी माफी – मौके पर पहुंची पुलिस ने मुआयना करने और सेल्विन से फोन पर बात करने के बाद पुष्टि की कि 60000 रुपये नकद, दो जोड़ी सोने की बालियां और चांदी की पायलें गायब थी। पुलिस को एक कमरे से एक लेटर मिला, जिसने पूरे इंटरनेट को चौंका दिया। ये नोट एक लिफाफे पर हरे रंग की स्याही से लिखा गया था। इसे चोर ने तमिल में लिखा था, “मुझे माफ कर देना। मैं एक महीने में सब लौटा दूंगा। मेरे घर में कोई बीमार है।”

