दुर्ग-भिलाई: दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र में तेजस्वनी जोशी (19) की हत्या का मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने उसके मंगेतर सोनू जोशी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की वारदात को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई थी, लेकिन पुलिस ने मामले को सुलझा लिया है।
10 जुलाई को ग्राम मेडेसरा में तेजस्वनी का शव गांव के तालाब में तैरता हुआ पाया गया था। पहले यह मामला डूबने से मौत का माना गया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच ने हत्या का खुलासा किया। नंदिनी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की, जिसमें तकनीकी सहायता और गांव के लोगों से पूछताछ की गई।
पुलिस को मृतका के मंगेतर सोनू जोशी पर शक हुआ, जब उसकी मोबाइल लोकेशन घटना के समय मेडेसरा में पाई गई। पूछताछ में सोनू ने स्वीकार किया कि 9 जुलाई की रात वह तेजस्वनी से मिलने के बहाने तालाब के पास पहुंचा था। बातचीत के दौरान तेजस्वनी ने शादी की व्यवस्था को लेकर ताने मारे, जिससे दोनों में कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर सोनू ने तेजस्वनी के सिर को पकड़कर तालाब में डूबा दिया और उसे सांस रुकने तक पानी में रखा।
इसके बाद, 11 जुलाई की रात सोनू ने वापस तालाब जाकर तेजस्वनी के मोबाइल को फेंक दिया और अपने घर लौट आया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने हत्या की वारदात को स्वीकार किया। पुलिस ने सोनू जोशी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
इस घटना ने जोशी परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, जहां शहनाई की आवाज मातम में बदल गई।

