सारंगढ़। 23 जुलाई की रात्रि को सूचना मिली कि थाना बरमकेला के ग्राम सिंगारपुर गांव के पास एक व्यक्ति की लाश पड़ी हुई है। तत्काल घटनास्थल पर थाना बरमकेला एवं सरिया की पुलिस टीम पहुँच कर जांच प्रारंभ की। जांच के दौरान मृतक की पहचान हरिराम पटेल, निवासी ग्राम कमरीद, थाना सरिया के रूप में हुई। शव के निरीक्षण में धारदार हथियार से हत्या का संकेत मिलने पर थाना बरमकेला में हत्या का अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक पुष्कर शर्मा ने त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए। इसके तहत थाना बरमकेला, सरिया, कोतवाली, डोगरीपाली एवं सायबरसेल प्रभारी के नेतृत्व में टीम बनाकर अन्वेषण कार्य शुरू हुआ। अन्वेषण के दौरान सीडीआर विश्लेषण एवं अन्य स्त्रोतों से संदिग्धों की जानकारी मिली। इसके आधार पर 06 संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ कर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने हरिराम पटेल की हत्या करना स्वीकार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हरिराम पटेल ब्याज में उधारी देने का काम करता था। आरोपी हेमानंद उर्फ गुड्डू सारथी ने 12 जुलाई को हरिराम पटेल से 80,000 रूपये ब्याज पर लिए थे। हरिराम ने प्रति 4 दिवस में 20% ब्याज दर से 16,000 रूपये ब्याज तय किया था। हेमानंद ने 2 ब्याज किश्त कुल 32,000 रूपये चुका दिए थे और 24 जुलाई को अगला ब्याज किश्त 16,000 रूपये देना था।
इसी प्रकार आरोपी गोकुल सिदार ने 1 वर्ष पूर्व हरिराम से 10,000 रूपये ब्याज पर लिए थे। कुछ राशि चुकाने के बाद 7,500 रूपये की मूल राशि पर प्रतिमाह 1,500 रूपये ब्याज देना पड़ रहा था। इस ब्याज दर से दोनों आरोपी अत्यंत आक्रोशित थे। उन्होंने अपने अन्य चार साथियों के साथ उड़ीसा के एक लोहार से चारपहिया वाहन के पट्टा से तलवारनुमा धारदार हथियार बनवाकर हत्या की योजना बनाई। हत्या के दो दिन पूर्व उन्होंने पूरी प्लानिंग कर घटना को अंजाम दिया।
आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल और आरोपियों के बताए स्थानों से हत्या में प्रयुक्त हथियार, गाड़ियाँ, मोबाइल, जले कपड़ों की राख आदि जब्त की गई। इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी बरमकेला, कोतवाली, सरिया, डोगरीपाली एवं उनके स्टाफ तथा सायबरसेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आरोपियों के नाम:
- हेमानंद सारथी पिता जय प्रकाश सारथी उम्र 27 वर्ष, सा० हिर्री, थाना बरमकेला
- गोकुल सिदार पिता हिरालाल सिदार उम्र 28 वर्ष, सा० सहजपाली, थाना बरमकेला
- मिनेन्द्र कुमार सारथी पिता श्याम कुमार सारथी उम्र 27 वर्ष, सा० बिक्रमपाली, थाना सरिया
- आत्माराम सारथी पिता वेणुधर उम्र 30 वर्ष, सा० कर्राकोट, थाना सरिया
- राजू चौहान पिता रामकृष्ण चौहान उम्र 24 वर्ष, सा० हिर्री, थाना बरमकेला
- श्रवण कुमार सारथी पिता तिहारू उम्र 27 वर्ष, सा० तिउर खडीयापारा, थाना खरसिया, जिला रायगढ़

