बालोद, 9 सितंबर 2024: बालोद जिले के घोटिया गांव में एक शिक्षक की आत्महत्या के मामले में पूर्व वन मंत्री मो. अकबर सहित तीन अन्य लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। 5 सितंबर को शिक्षक दिवस पर, डोंडी ब्लॉक के ओडगांव प्राथमिक शाला के हेडमास्टर देवेंद्र कुमार ठाकुर (57) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में ठाकुर ने अपनी मौत का जिम्मेदार पूर्व मंत्री मो. अकबर और अन्य तीन व्यक्तियों को ठहराया था।
सुसाइड नोट के आधार पर बालोद जिले के डोंडी थाने में धारा 108 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। इसके अलावा, नौकरी के नाम पर ठगी के आरोप में तीन अन्य लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है, जिन पर 40 से अधिक लोगों से 3 करोड़ 70 लाख रुपए से अधिक की ठगी करने का आरोप है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आगे कई अहम खुलासे होने की संभावना है।

