कोल्हापुर. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को महाराष्ट्र के कोल्हापुर में ‘संविधान सम्मान सम्मेलन’ के दौरान कहा कि संविधान की रक्षा के लिए आरक्षण पर मौजूदा 50 प्रतिशत की सीमा हटाना आवश्यक है। उन्होंने जोर दिया कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन इस सीमा को हटाने के लिए कानून पारित करना सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही, उन्होंने जाति जनगणना को भी अनिवार्य बताते हुए कहा कि कोई भी ताकत इसे रोक नहीं सकती।
राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि दलितों और पिछड़े वर्गों के इतिहास को स्कूलों में पढ़ाया नहीं जा रहा, बल्कि उसे मिटाने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने भाजपा पर भी हमला करते हुए कहा कि संविधान और संस्थाओं को नष्ट करने के बाद छत्रपति शिवाजी महाराज के सामने झुकने का कोई फायदा नहीं है। उनका संदेश स्पष्ट था कि भारत सभी का है, और भारतीय संविधान शिवाजी महाराज के विचारों का प्रकटीकरण है।
इससे पहले राहुल गांधी ने छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया और राजर्षि शाहू महाराज के समाधि स्थल पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

