रायगढ़: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर, पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर ने 5 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक राज्यव्यापी साइबर जन जागरूकता पखवाड़ा मनाने के आदेश दिए हैं। इसी के तहत, रायगढ़ जिले में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के नेतृत्व में व्यापक रूप से इस पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। आज पुलिस कंट्रोल रूम, रायगढ़ में पखवाड़े का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
शुभारंभ कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम गोपाल करियारे, उप पुलिस अधीक्षक साइबर सेल श्री अभिनव उपाध्याय (नोडल अधिकारी, जन जागरूकता पखवाड़ा), और उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री रमेश चंद्रा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का आरंभ किया। इस अवसर पर हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन के अध्यक्ष अंकित अग्रवाल, संरक्षक बंटी सोनी, और कई एनजीओ के सदस्य, जेसीआई रायगढ़ सिटी, लायंस क्लब रायगढ़ प्राइड, दिव्य ऊर्जा लायंस क्लब, और दिव्य शक्ति भी उपस्थित थे।
इसके साथ ही, ऑटो संघ के सदस्यों ने “साइबर जागरूकता रैली” का आयोजन भी किया, जिसका उद्देश्य लोगों में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना है। रायगढ़ पुलिस ने इस पखवाड़े के लिए व्यापक तैयारियों की योजना बनाई है, ताकि लोगों को साइबर अपराधों से बचने और ऑनलाइन सुरक्षा उपायों के बारे में शिक्षित किया जा सके।

