छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में पांच दिन से लापता 10 वर्षीय बच्चे बृजेश कुमार पाल का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। बच्चे की हत्या गला रेतकर की गई, और उसका शव मोरन नदी के किनारे झाड़ियों में सड़ी हुई अवस्था में मिला। बच्चे के शव की स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने नरबलि की आशंका जताई है, हालांकि पुलिस अभी इस मामले की जांच विभिन्न पहलुओं से कर रही है।
घटना बलरामपुर के तोरफा गांव की है, जहां 2 अक्टूबर की शाम बृजेश अपने घर के सामने से अचानक गायब हो गया था। काफी खोजबीन के बाद भी बच्चे का कोई पता नहीं चला, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस और परिजन लगातार खोज में जुटे थे, लेकिन पांच दिन बाद बच्चे का शव जंगल के पास नदी किनारे मिला।
पुलिस को बच्चे के गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान मिले हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि बच्चे का अपहरण कर उसकी हत्या की गई है। ग्रामीणों के बीच यह चर्चा है कि बच्चे की बलि देने के लिए उसकी हत्या की गई हो सकती है। घटना के बाद से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और पुलिस हत्यारे की तलाश में जुटी हुई है।
