त्योहारी सीजन के दौरान छत्तीसगढ़ के कोरबा में खाद्य पदार्थों में मिलावट के मामलों को लेकर खाद्य औषधि प्रशासन विभाग ने सख्ती बरती है। विभाग की टीम ने जियोमार्ट सहित कई दुकानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए थे, जिनमें जियोमार्ट के ऑर्गेनिक बेसन समेत कुछ अन्य दुकानों के खाद्य पदार्थ फेल हो गए हैं।
खाद्य औषधि प्रशासन के अधिकारी विकास भगत ने बताया कि इन नमूनों की जांच रिपोर्ट आ चुकी है, और विभाग जल्द ही इन मामलों में कार्रवाई करेगा। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की भारी खरीदारी को देखते हुए मिलावट की शिकायतें मिल रही हैं, जिसके चलते विभाग आटा, बेसन, तेल जैसी सामग्रियों की जांच में लगा हुआ है।
इसके साथ ही, बिना लाइसेंस के चल रहे कैफे और मिक्चर फैक्ट्री भी प्रशासन के रडार पर हैं, जो नियमों की अवहेलना करते हुए संचालित हो रहे हैं। स्थानीय जानकारों का मानना है कि इन अवैध गतिविधियों पर भी प्रशासन को सख्ती से कदम उठाने की आवश्यकता है।


