बेमेतरा, 24 दिसंबर 2024: बेमेतरा से भाजपा विधायक दीपेश साहू पर सोमवार रात एक कार्यक्रम के दौरान जानलेवा हमला हुआ, जिसमें वे बाल-बाल बच गए। घटना तब हुई जब विधायक दीपेश साहू गुरु घासी दास जयंती कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चारभांठा गांव में मौजूद थे। रात 10 से 11 बजे के बीच मंच पर अतिथियों का स्वागत हो रहा था, तभी अज्ञात व्यक्ति ने शराब की बोतल में पेट्रोल भरकर विधायक पर फेंक दी।
यह बोतल दीपेश साहू को नहीं लगी, बल्कि मंच के पास काम कर रहे साउंड सिस्टम ऑपरेटर पर जा गिरी, जिससे युवक के सिर में चोट आई। घटना के बाद वहां हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। विधायक ने कहा कि यह हमला गंभीर था, लेकिन वे किसी तरह बच गए। आयोजन समिति के सदस्य खेलुलाल टंडन ने भी इस घटना पर चिंता जताई और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
यह घटना गांव में पहली बार हुई है, जिससे स्थानीय लोग हैरान और परेशान हैं। पुलिस आरोपियों का पता लगाने और मामले की गहराई से जांच करने में जुटी हुई है।

