रायगढ़. रायगढ़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक अधेड़ ग्रामीण की जान चली गई। यह घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र के खार गांव में हुई, जहां छठी कार्यक्रम से लौट रहे 55 वर्षीय बालक राम भगत को अज्ञात बाइक चालक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक चालक फरार हो गया। हादसे में बालक राम भगत गंभीर रूप से घायल हो गए, उनके चेहरे, माथे और सिर में चोटें आईं।
घटना के बाद, मृतक के बेटे हिमांशु भगत ने बताया कि वह और उनकी बहन कुसूम भगत एवं भतीजा संजू भगत, छठी कार्यक्रम में भाग लेने बगईझराई पारा गए थे। शाम करीब 6 बजे जब वे तीनों पैदल घर लौट रहे थे, तो खुसरमुडा कांक्रेटिंग मार्ग के पास यह दुर्घटना हुई। टक्कर के बाद ग्रामीणों ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी। हिमांशु भगत ने अपने घायल पिता को पड़ोसियों की मदद से लैलूंगा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के बेटे की शिकायत पर लैलूंगा पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है। यह हादसा क्षेत्र में हलचल पैदा कर गया है, और लोग पुलिस से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की उम्मीद कर रहे हैं।

