कवर्धा. कवर्धा जिला जेल में हत्या का विचाराधीन बंदी शुक्रवार को डीकेएस अस्पताल रायपुर से फरार हो गया। कवर्धा जेल में बंदी की तबीयत बिगड़ने पर दो दिन पहले ही उसे इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया था। उसे पहले अंबेडकर अस्पताल ले गए, वहां से गुरुवार को डीकेएस अस्पताल में रेफर किया गया था, जहां उसका इलाज चल रहा था। शुक्रवार तड़के 5 बजे प्रहरी बाथरूम गया था। जब वापस आया तो देखा कि बंदी बिस्तर से गायब है। वह हथकड़ी निकाल कर भाग गया है। आसपास उसकी तलाश की गई, लेकिन वह नहीं मिला। कवर्धा जिला जेल के जेलर योगेश बंजारे ने बताया कि आरोपी चमरू सिंह टेकाम (35) काे मार्च 2020 में हत्या के एक मामले में तरेगांव जंगल पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वह कवर्धा जेल में बंद था। वहां से तबीयत बिगड़ने पर 21 अक्टूबर को रायपुर रेफर किया गया। जेल प्रहरी जीवनलाल नेताम को चमरू के इलाज के लिए अंबेडकर अस्पताल भेजा था। वहां से डीकेएस रेफर किया गया, जहां इलाज के लिए भर्ती कराया गया। प्रहरी जीवन रातभर उसके साथ में था। सुबह वह बाथरूम गया, तो बंदी चमका देकर भाग निकला। वह अपने घर भी नहीं पहुंचा है। रेलवे स्टेशन से लेकर बस स्टैंड में उसकी तलाश की गई, लेकिन बंदी का कोई सुराग नहीं मिला। रायपुर के गोलबाजार पुलिस थाने में उसके खिलाफ केस दर्ज करा दिया है।

