रायपुर। छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग-भिलाई में कई राइस मिलर्स और कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी की गई है। इनकम टैक्स की टीम सुबह-सुबह ही विभिन्न स्थानों पर पहुंची और दस्तावेजों की गहन जांच शुरू कर दी।
सूत्रों के अनुसार, रायपुर में सत्यम बालाजी ग्रुप के ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम दस्तावेज खंगाल रही है। इसके अलावा, रामसागरपारा, राठौर चौक और जवाहर मार्केट स्थित कई कारोबारियों के घर और दफ्तरों पर भी छापेमारी की गई है। अधिकारियों को बड़े पैमाने पर कर चोरी की आशंका है, जिसे लेकर जांच जारी है।
इस रेड के दौरान आयकर विभाग की टीमें संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही हैं और संभावित गड़बड़ियों को खंगालने में जुटी हैं। फिलहाल छापेमारी जारी है, और इससे जुड़े और भी खुलासे होने की संभावना है।

