कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिला अस्पताल के मेडिकल कॉलेज में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने डीन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सुरक्षाकर्मियों का आरोप है कि जिला मेडिकल कॉलेज के डीन केके सहारे ने नाइट ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मी दिलीप कुमार को सरेआम थप्पड़ मार दिया। इस घटना के बाद नाराज सुरक्षाकर्मियों ने काम बंद कर दिया और कॉलेज परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
थप्पड़ मारने से बिगड़ी बात
सुरक्षा कर्मी दिलीप कुमार ने बताया कि वह ड्यूटी पर तैनात था, उसी दौरान अस्पताल में भीड़भाड़ हो गई। मरीजों को देखने के लिए डॉक्टर नहीं थे, और वहां तैनात डॉ. गुनेश्वर सिंह कंवर शराब के नशे में थे। मरीजों की परेशानी को देखते हुए मौके पर पुलिस भी पहुंची। इसी दौरान सूचना मिलने पर डीन केके सहारे अपने स्टाफ के साथ पहुंचे और सुरक्षा कर्मी को भीड़ हटाने में असफल होने पर थप्पड़ मार दिया।
सुरक्षाकर्मियों ने किया हड़ताल का ऐलान
इस घटना के बाद अस्पताल के सभी सुरक्षा कर्मियों ने डीन के खिलाफ हड़ताल शुरू कर दी। उनकी मांग थी कि डीन सार्वजनिक रूप से माफी मांगे, अन्यथा वे ड्यूटी पर वापस नहीं लौटेंगे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराएंगे। इस प्रदर्शन के कारण अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो गई और मरीजों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा।
डीन ने दी सफाई
डीन केके सहारे ने सफाई देते हुए कहा कि रात में सूचना मिलने के बाद जब वे मौके पर पहुंचे तो पाया कि सुरक्षा कर्मी अपनी ड्यूटी में लापरवाही बरत रहे थे। इसी कारण उन्हें डांट-फटकार लगाई गई। उन्होंने थप्पड़ मारने की बात से इनकार किया। डीन ने यह भी बताया कि डॉ. गुनेश्वर सिंह कंवर के शराब के नशे में होने की शिकायत पर जांच की जा रही है और रिपोर्ट का इंतजार है।
सुरक्षाकर्मी वापस लौटे काम पर
विरोध प्रदर्शन के बाद डीन ने सुरक्षाकर्मियों से बातचीत की और उन्हें मनाने की कोशिश की। काफी बातचीत के बाद सुरक्षाकर्मी काम पर लौट आए, लेकिन उन्होंने मांग की कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न दोहराई जाएं। फिलहाल, मेडिकल कॉलेज में स्थिति सामान्य हो गई है, लेकिन इस घटना को लेकर अब भी चर्चा बनी हुई है।

