रायपुर, 12 फरवरी 2025: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में 9 फरवरी को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में घायल हुए जवानों से उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने मुलाकात की। वह घायल जवानों के इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने जवानों का हाल-चाल लिया और उनकी वीरता की सराहना की।विजय शर्मा ने कहा, “आपकी वीरता और समर्पण से ही प्रदेश में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई को मजबूती मिल रही है। पूरा प्रदेश आपके साथ खड़ा है।” उन्होंने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों को घायल जवानों के बेहतर इलाज के लिए निर्देशित किया और कहा कि सरकार उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए हरसंभव सहायता सुनिश्चित करेगी।
यह मुठभेड़ नक्सलवाद के खिलाफ अब तक के सबसे बड़े अभियानों में से एक थी। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि जिस क्षेत्र को नक्सलियों का सुरक्षित ठिकाना माना जाता था, वहां सुरक्षाबलों ने भारी नुकसान पहुंचाया। इस अभियान में 31 नक्सली मारे गए और कई हथियार भी बरामद हुए। हालांकि, मुठभेड़ के दौरान दो जवान शहीद हो गए, जबकि पांच जवान घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।
विजय शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की नक्सलवाद के खिलाफ प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि प्रदेश में शांति व सुरक्षा बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
यह ऑपरेशन बीजापुर के नेशनल पार्क क्षेत्र में हुआ था, जहां सुरक्षाबलों ने निर्णायक जीत प्राप्त की।

