रायगढ़ के पुसौर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। थाना से मात्र 200 मीटर की दूरी पर स्थित गायत्री मंदिर के पास एक निर्माणाधीन मकान के मलबे से माँ-बेटी के शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान उर्मिला सिदार और उसकी बड़ी बेटी पुष्पा सिदार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, उर्मिला की छोटी बेटी किसी काम से घरघोड़ा गई हुई थी। जब वह सुबह वापस लौटी, तो माँ और बहन घर पर नहीं मिलीं। घर के अंदर खून के छींटे देखकर उसने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। खोजबीन के दौरान पास के निर्माणाधीन मकान के मलबे से दोनों के पैर दिखाई दिए, जिसके बाद पुलिस ने शव बरामद किए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुसौर पुलिस ने मकान को सील कर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। एसपी दिव्यांग पटेल, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। फिलहाल, अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है और मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।


